बढ़ती आबादी, शहरीकरण के कारण हरियाली तेजी से कम हो रही है। पर्यावरण को बचाने के लिए यह हमारे जागने का वक्त है। सिर्फ जागने का ही नहीं, कुछ करने का भी। इसके लिए जरूरी है कि हम पेड़ लगाएं। पर्यावरण संरक्षण के लिए यही सबसे सरल रास्ता है जो खुद हमसे शुरू होता है।
इसी दिशा में दैनिक भास्कर समूह ने पौधरोपण अभियान "एक पेड़ एक जिंदगी" शुरू किया है। भास्कर की इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण को हराभरा रखने के साथ ही यह संदेश देना है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवनकाल में कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाए, साथ ही पेड़ बनने तक उसकी देखभाल भी करे। आज हमारे द्वारा की गई यह छोटी सी पहल, बढ़ते हुए पेड़ के साथ कल हमारा गर्व बन जाएगी। साथ ही आने वाली पीढि़यों को हम दें सकेंगे हरा-भरा वातावरण विरासत के रूप में।
मानसून में इस अभियान के दौरान जनभागीदारी से लाखों पौधे लगाए जा रहे हैं। आइए हम सभी शामिल हों इस पहल में और अपने जीवनकाल में कम से कम एक पौधा लगाकर पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करें।
एक पेड़, एक जिंदगी की शपथ
पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है। हम शपथ लेते हैं कि अपने जीवनकाल में कम से कम एक पौधा अवश्य रोपेंगे और पेड़ बनने तक उसकी देखभाल भी करेंगे। साथ ही अपने मित्रों, परिचितों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए उन्हें भी एक पौधा रोपने के लिए प्रेरित करेंगे ताकि आने वाली पीढ़ी को हम बेहतर कल दे सकें।