नई दिल्ली. रुपहले परदे के सदाबहार नायक कहे जाने वाले देव आनंद अब एक नई भूमिका में नजर आने वाले हैं और यह है लेखक की भूमिका। जी हां, और यह भूमिका वे किसी फिल्म में नहीं बल्कि असल जिंदगी में निभाते दिखेंगे।
पिछले दिनों अपनी आत्मकथा रोमांसिंग विद लाइफ लिख चुके देव आनंद अब एक और किताब लिखने की तैयारी में हैं क्योंकि उनके पास अभी कहने के लिए बहुत कुछ है। गुजरे जमाने के मशहूर अभिनेता ने कहा कि मैं अपनी किताब के बारे में लोगों की प्रतिक्रिया को लेकर बहुत उत्सुक और चिंतित हूं। अगर किताब पसंद नहीं की जाती है तो मैं एक और किताब लिखूंगा क्योंकि अब भी मेरे पास बताने के लिए बहुत कुछ है जो एक किताब में नहीं समेटा जा सकता।
देव आनंद ने कहा कि जिंदगी अभी जारी है और जारी रहेगी, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग क्या कहते हैं। अब भी मेरा शरीर कार्य करने में सक्षम है और मैं हर अनुभव के साथ परिपक्व हो रहा हूं इसका मतलब है कि मैं आगे बढ़ने में समर्थ हूं। एक किताब खत्म हुई है जिंदगी नहीं।
दरअसल, पिछले छह दशकों से दर्शकों को मनोरंजन देने वाले अभिनेता और निर्देशक देव आनंद ने आत्मकथा रोमांसिंग विद लाइफ लिखी है और उनकी लिखी पहली किताब को पेंगुइन ने प्रकाशित किया है जिसे आगामी 26 सितंबर को विमोचित कर दिया जाएगा। देव आनंद उस दौर के कलाकार रहे हैं जब हिंदी सिनेमा में राज कपूर और दिलीप कुमार जैसे अभिनेताओं का बोलबाला था। लेकिन, अपने युवा लुक, संवाद अदायगी की वजह से वे हिंदी सिनेमा में पहले स्टाइल हीरो के रूप में स्थापित हुए।
रोमांसिंग विद लाइफ के बारे में :
तकरीबन 30 सालों तक हिट और सुपरहिट फिल्में देने वाले 84 वर्षीय देव आनंद आत्मकथा के बारे में कहते हैं कि यह किताब उनका ही एक अक्स है। इस किताब के मारफत उनकी जिंदगी के कई पहलू जाने जा सकते हैं। आनंद ने कहा कि इस किताब में मैंने अपना दिल निकाल कर रख दिया है लेकिन एक लेखक की तरह इस किताब की लय भी बरकरार रखी है। जो मुझे जानते हैं वे मुझे इसके हर पन्ने पर पाएंगे।
मैं उनकी सालगिरह मनाऊंगा, वे मेरी :
गौरतलब है कि इस किताब का विमोचन देव आनंद के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह करेंगे और 26 सितंबर मनमोहन सिंह का भी जन्मदिन है। देव आनंद ने कहा कि हम दोनों के जन्मदिन के मौके पर उन्होंने मेरी किताब के विमोचन का प्रस्ताव बहुत ही सहजता से स्वीकार किया। तो उस दिन मैं उनका जन्मदिन मनाऊंगा और वे मेरा।
इस विमोचन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगी कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी। देव आनंद ने कहा कि प्रधानमंत्री के बाद मैंने गांधी से अनुरोध किया और उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शरीक होने की मंजूरी दे दी।