bhaskar Web English
HomeSpotlightDiwali Diwali

दीवाली की सेज पर क्रिकेट का क्रेज


मुंबई. एक तरफ खरीददारी, साज-सजावट और रंग-रोगन के जरिए दीवाली का मौसम जोर पकड़ेगा, तो दूसरी तरफ पांच नवंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होगा पहला वनडे मैच। और नौ तारीख को दीवाली से एक दिन पहले 8 नवंबर को दोनों चिर प्रतिद्वंदियों के बीच होगा दूसरा वनडे। अगर यह मैच इंडिया जीत गई तो पूरे देश में होगी हैप्पी दीवाली..

पाकिस्तान के भारत दौरे पर वनडे सीरीज दीवाली के समय में होने से एक तो उत्साह और खुशी का माहौल रहेगा लेकिन यह माहौल इंडियन क्रिकेट टीम के प्रदर्शन पर भी निर्भर होगा। दूसरी तरफ, इस बार भारत की जीत के चलते हो सकता है कि आतिशबाजी भी ज्यादा हो।

न सिर्फ क्रिकेट बल्कि दीवाली के मौसम में अन्य खेलों में भी भारत का दबदबा दिख रहा है, भारतीय खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। एशियन इंडोर गेम्स चल रहे हैं और भारत ने शतरंज के साथ ही दौड़ में भी सोना बटोरा है। लेकिन, हिंदोस्तान में क्रिकेट के आगे कोई खेल नहीं हैं और इस पिटारे से अच्छी-बुरी खबरें निकल रही हैं लेकिन अच्छी ज्यादा हैं।

दीवाली से ऐन पहले क्रिकेट जगत से आई खबरों पर गौर करते हैं। हालांकि भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज गंवा दी लेकिन ट्वेंटी20 मैच जीतकर तकरीबन पूरा हॉल ऑफ फेम अपने नाम कर लिया। एक खबर और आई है कि हिंदोस्तान के सबसे चहेते खिलाड़ी सचिन ताजा वनडे रैंकिंग में टॉप 10 बल्लेबाजों में शुमार हो गए हैं। और, राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री ने क्रिकेट व हॉकी टीम की तारीफें करते हुए हौसला अफजाई की है।

पिछली दीवाली से इस दीवाली तक :
पिछली दीवाली के समय इंडियन क्रिकेट टीम आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में मशगूल थी। हालांकि वह वहां कोई खास करिश्मा नहीं दिखा सकी। इसके बाद इस साल की शुरुआत में आईसीसी वर्ल्ड कप में क्रिकेट टीम ने पूरे देश को न सिर्फ निराश बल्कि शर्मसार तक किया, जब वह पहले ही दौर में टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

लेकिन वर्ल्ड कप के तुरंत बाद इंडियन क्रिकेट सितारे फिर चमके और बांग्लादेश में वनडे व टेस्ट सीरीज पर कब्जा किया। फिर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज हथियाई और इंग्लैंड जाकर इंग्लैंड को वनडे व टेस्ट सीरीज में पटखनी दी। और, इसके बाद तो इतिहास रच दिया भारतीय क्रिकेट ने जब आईसीसी का पहला ट्वेंटी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया से वनडे सीरीज में हार का स्वाद चख चुके भारतीय क्रिकेटर अब पाकिस्तान के साथ वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए तैयार हैं।

फिर चक दे इंडिया :
इस साल शाहरुख स्टारर फिल्म चक दे इंडिया का जादू खूब चला और खेल जगत में यह हौसला बुलंद करने के एक नारे की तरह गूंजता रहा। हॉकी पर आधारित इस फिल्म की रिलीज के बाद भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप का खिताब जीत लिया तो फिल्म को और प्रमोशन मिल गया। अब दीवाली के सीजन और पूरे नवंबर माह में पाकिस्तान के खिलाफ इंडिया को क्रिकेट खेलना है तो पूरा हिंदोस्तान कह रहा है एक बार फिर चक दे इंडिया..





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: