
मुंबई. पूरे भारत में महात्मा गांधी की 138वीं जयंती मनाई गई। संयुक्त राष्ट्र द्वारा दो अक्टूबर को विश्व अहिंसा दिवस घोषित किया जा चुका है। इस मौके पर भारत के साथ ही दुनिया के कई हिस्सों में कई कार्यक्रम हुए और कई तरह से गांधी को याद किया गया।
दिल्ली : राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने एक सर्वधर्म प्रार्थना सभा में शिरकत की। फिर गृहमंत्री शिवराज पाटिल, रक्षा मंत्री एके एंटोनी, मुख्यमंत्री शीला दीक्षित समेत कई प्रमुख हस्तियों ने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी। राजघाट पहुंचने वालों में अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स भी शामिल थीं।
विज्ञान भवन मंे पहले विश्व अहिंसा दिवस को रेखांकित करने वाले डाक टिकटों को प्रधानमंत्री ने जारी किया। कांग्रेस मुख्यालय से राजघाट तक एक शांति जुलूस भी निकाला गया। इसके अलावा राजधानी में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।
महाराष्ट्र : महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी गई। राजभवन में राज्यपाल एसएम कृष्णा और मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख की मौजूदगी में भजन गायन के जरिए बापू को याद किया गया। भजन प्रस्तुत किए प्रसिद्ध गायिका आरती अंकलीकर ने।
उड़ीसा : राज्य के एक गांव जगुलियापड़ा में गांधी के साथ उनके माली रघु नाइक को भी याद किया गया। दोनों की प्रतिमाओं पर मालाएं चढ़ाई गईं। उड़ीसा के इस गांव का रघु नायक बिड़ला हाउस में माली था और वह महात्मा की सेवा करता था। नाथूराम गोडसे द्वारा महात्मा को गोली मारे जाने के बाद रघु ने भावावेश में गोडसे को पीटा था। गांव वालों ने बताया कि रघु जीवन भर उपेक्षित रहा और 1983 में उसकी मृत्यु के बाद से उसके परिवार पर भी सरकारी स्तर पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
कश्मीर : सत्य और अहिंसा पर गांधी दर्शन और 21वीं सदी में उसकी प्रासंगिकता विषय पर 1 लाख रुपए की इनामी वाद-विवाद प्रतियोगिता में श्रीनगर के श्री प्रताप कॉलेज के तौसीफ यूसुफ और गल्र्स एचएस स्कूल की सोफिया शर्मा ने प्रथम पुरस्कार (कॉलेज व स्कूल श्रेणी में) जीता। 50 हजार रुपए का दूसरा पुरस्कार सुरनकोट की कुदसिया खान और बारामूला की आमिरा वली ने जीता। इस प्रतियोगिता में राज्य के 51 हजार छात्रों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने 60 साल पहले आजादी मिलने के उस वक्त को याद किया जब पूरे देश में सांप्रदायिक दंगे भड़के थे लेकिन कश्मीर में उनका प्रभाव नहीं था।
केरल : राज्य में गांधी जयंती को रेखांकित करने के लिए सात दिनों का स्वच्छता अभियान शुरू किया गया। छात्रों, गांधीवादियों और समाजसेवकों की मौजूदगी में कार्यक्रम में सर्वधर्म प्रार्थना से कार्यक्रम की शुरुआत की पद्मश्री से सम्मानित गायक केजे यसुदास ने। इसके बाद अहिंसा के संदेश को लेकर गांधी पार्क से एक रैली निकाली गई। स्कूलों में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
असम : रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अजय सिंह और मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने महात्मा को पुष्पांजलि दी। रबींद्र भवन में गोगोई ने मंत्रियों, विधायकों, प्रशासनिक अफसरों और जनता को अहिंसा के मार्ग पर चलने की शपथ दिलाई। गुवाहाटी में एक गांधी मंडप बनाया गया जहां छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
मेघालय : राज्यपाल बनवारी लाल जोशी समेत कई मंत्रियों ने राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी। सैटेलाइट के जरिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने राज्य के नागरिकों को अहिंसा की शपथ दिलाई।
नागालैंड : मुख्य कार्यक्रम राज भवन में हुआ। लोगों ने अहिंसा और शांति के मार्ग पर चलने की शपथ ली।
हरियाणा : गांधी जयंती के मौके पर राज्यपाल एआर किदवई और मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष चलित डिलेवरी व ऑपरेशन वैन की शुरुआत की। साथ ही गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए अन्य नौ वैन भी लॉंच की गईं।
मध्यप्रदेश : राजधानी भोपाल समेत प्रदेश भर में गांधी जयंती पर कई सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रम हुए। इंदौर में ट्रैफिक पुलिस ने गांधीगीरी अभियान की शुरुआत की और नियम तोड़ने वालों को की-चेन व कलम भेंट कर उनसे नियमों के पालन का आग्रह किया।
तमिलनाडु : राज्यपाल सुरजीत सिंह बरनाला ने शांति के गुब्बारे छोड़ते हुए राज्य में अहिंसा आंदोलन की शुरुआत की। इससे पहले बरनाला व सीएम करुणानिधि ने मरीना पर बापू को पुष्पांजलि दी।
बिहार : ऐतिहासिक गांधी मैदान पर हुआ मुख्य कार्यक्रम। राज्यपाल आरएस गवई समेत नेताओं, प्रमुख हस्तियों और लोगों ने बापू के आदर्शो पर चलने की शपथ ली।
सिक्किम : राज्य के उत्तर में पावर प्रोजेक्ट निर्माण और बांधों को नष्ट करने की योजना के विरोध में गांधी की एक बड़ी सी तस्वीर और शांति के नारों से पटे बैनर लेकर निकले कई बौद्धों और लेपचा समुदाय के 100 से ज्यादा युवाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
अनूप जलोटा की भजन संध्या :
दिल्ली स्थित गांधी स्मृति में गांधीवादियों ने इकट्ठे होकर अलग अंदाज महात्मा को याद किया। यहां मशहूर भजन गायक अनूप जलोटा ने महात्मा के दो प्रिय भजन वैष्णव जन तो तेणो कहिए जे.. रघुपति राघव राजाराम.. सुनाए। इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन सिंह, शीला दीक्षित मौजूद थे। राष्ट्रीय राजधानी में गांधी स्मृति और दर्शन समिति के कार्यक्रम में सर्वधर्म प्रार्थना सभा के साथ ही 16 स्कूलों के 250 बच्चों ने सांगीतिक प्रस्तुतियां दीं।
दुनिया ने किया महात्मा को याद :
बैंकॉक(यूएन) : महात्मा की 138वीं जयंती को पहला विश्व अहिंसा दिवस घोषित करने वाले संयुक्त राष्ट्र ने महात्मा के विचारों के हवाले से कहा है कि म्यांमार में सैन्य शासन को शांतिपूर्ण विरोध करने वालों पर हिंसक कार्रवाई रोक संवाद स्थापित करना चाहिए। यह बात यूएन भवन में हुए कार्यक्रम में पढ़े गए संरा महासचिव बान की मून के वक्तव्य में कही गई। इससे पहले भारत के केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर और यूएन के आर्थिक व सामाजिक आयोग के प्रमुख नोएलीन हेजर ने महात्मा गांधी के तांबे के पुतले का अनावरण किया।
श्रीलंका : महात्मा गांधी के जीवन और उनके व्यक्तित्व को दर्शाने वाले चित्रों की तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। करीब 350 चित्रों से सजी इस प्रदर्शनी के शुभारंभ के मौके पर प्रमुख बौद्ध, हिंदू और मुस्लिम नेता मौजूद थे। इस प्रदर्शनी में बापू पर बने वृत्तचित्र व फिल्में भी दिखाई जा रही हैं साथ ही गांधी साहित्य का विक्रय भी किया जा रहा है। 4 अक्टूबर को इस प्रदर्शनी में बापू द्वारा इस्तेमाल किए गए कप, थालियों, चश्मे, छड़ी व चप्पलों को भी रखा जाएगा।
दक्षिण अफ्रीेका : शेयर्ड हिस्ट्रीज, सेलिब्रेटिंग इंडिया न साउथ अफ्रीका शीर्षक से नौ हफ्ते लंबा उत्सव जारी है जिसमें भारतीय कला, संगीत, नृत्य और थिएटर आदि पर आधारित प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। भारत की आजादी के 60 सालों को रेखांकित करने के मकसद से हुए इस उत्सव के दौरान एक नाट्य समूह ने इमेजेस ऑफ ट्रुथ श्रंखला में सांप्रदायिक हिंसा के विरुद्ध महात्मा गांधी के संघर्ष और उनके संदेशों पर आधारित प्रस्तुति दी। यह उत्सव अक्टूबर के अंत तक चलेगा और इसके अंतर्गत म्यूजियम अफ्रीेका में सदियों पुराने नमूनों के साथ भारतीय परिधानों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
ब्रिटेन : भारतीय उच्चयोग द्वारा गांधी जयंती और विश्व अहिंसा दिवस मनाया गया और इस मौके पर एक फोटो प्रदर्शनी आयोजित की गई। गांधी के विचारों का दुनिया भर में प्रभाव में रेखांकित करने वाली यूके के भारतीय पत्रकार विजय राणा की किताब महात्मा गांधी : इमेजेस एंड आइडियाज फॉर नॉन वॉयलेंस को भी लॉंच किया गया।
नेपाल : महात्मा गांधी के सिद्धांतों की प्रासंगिकता बयान करते हुए गंभीर विचार सत्र में मानव अधिकार कार्यकर्ताओं ने कहा कि नेपाल में लोकतंत्र बहाल करने के लिए 2006 में चला आंदोलन गांधी के ही अहिंसा और शांति दर्शन से प्रेरित था।
रूस : भारत के नए राजदूत प्रभात शुक्ला ने महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया। मॉस्को के केंद्रीय विद्यालय के छात्रों ने इस समारोह में गीत गाया.. दे दी हमें आजादी बिना खड्ग बिना ढाल, साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल। इस कार्यक्रम में रयाबेशेव की एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसके अलावा मॉस्को सेंटर ऑफ ह्यूमिनिस्ट स्टडीज द्वारा तैयार की गई अहिंसा पर एक फिल्म दिखाई गई।
इसके अलावा खाड़ी देशों में भी गांधी जयंती पर कई कार्यक्रम हुए और कई नेताओं ने गांधीवाद को आज के समय में प्रासंगिक ठहराते हुए विश्व अहिंसा दिवस पर अहिंसा के दर्शन को अपनाने पर जोर दिया।