
Spotlight
Indian Premier League Indian Premier League मुंबई. आईपीएल के पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाड़ी ब्रैंडन मैक्कुलम की मांग ने साबित कर दिया है कि आईपीएल दौलत का खेल है। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक आईपीएल ने न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड को चार करोड़ रुपए का प्रस्ताव देते हुए मैक्कुलम की वापसी की मांग की है।
लंदन संडे टाइम्स व अन्य खबरों के मुताबिक आईपीएल ने कहा है कि अगर कोलकाता टीम टूर्नामेंट के सेमीफानइल में पहुंचती है तो मैक्कुलम को खेलने की इजाजत दे दी जाए। रिपोर्टो के मुताबिक आईपीएल ने न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड को इस अपील के साथ ही प्रस्ताव दिया है कि इसके लिए चार करोड़ रुपए तक दिए जा सकते हैं।
मीडिया में अलग-अलग खबरें :
इस तरह के प्रस्ताव की खबरों का न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने खंडन किया है और आईपीएल ने भी लेकिन अटकलों पर जारी खबरों में न्यूजीलैंड की एक समाचार वेबसाइट ने बोर्ड के हवाले से लिखा है कि ऐसा प्रस्ताव हो भी तब भी मैक्कुलम को आईपीएल में नहीं भेजा जा सकता क्योंकि वे इंग्लैंड के खिलाफ देश के लिए खेल रहे हैं।
एक अन्य वेबसाइट एनजेडहैरॉल्ड ने लिखा है कि ऐसा प्रस्ताव होने पर मैक्कुलम इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे व तीसरे टेस्ट मैच के बीच आईपीएल के लिए खेलने जा सकते हैं।
सवाल भी तो हैं :
खबरों में आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी की तरफ से ऐसा प्रस्ताव दिया जाना बताया गया है जबकि फ्रेंचाइजी प्रणाली के तहत टीम के मालिक ही किसी खिलाड़ी को टीम में रखने या खिलाने के लिए अंतिम निर्णायक हैं। ऐसे में आईपीएल की तरफ से इस तरह का प्रस्ताव जाना असंयत लगता है।
दूसरा सवाल यह है कि टीम के मालिकों ने मैक्कुलम को टूर्नामेंट के लिए 2 करोड़ 80 लाख रुपए के अनुबंध पर साइन किया था, उनके लिए इतनी रकम अलग से देने का औचित्य? हालांकि लीग के पहले मैच में ताबड़तोड़ 73 गेंदों पर 158 रन बनाने वाले मैक्कुलम का आकर्षण जरूर होगा लेकिन क्या इस आकर्षण के लिए आईपीएल कीमत लगा रहा है?
और तीसरा सवाल यह है कि ऐसी रिपोर्ट उस समय में आई है जबकि कोलकाता टीम के सेमीफाइनल में पहुंच पाने की उम्मीद बेहद कम हो गई है इसलिए फिलहाल इस तरह की खबरों को अफवाह करार देना ही ठीक है।