HomeSpotlightIndian Premier League Indian Premier League

चार्जर्स उतरेंगे सम्मान की रक्षा के लिए

मोहाली.इंडियन प्रीमियर लीग में किंग्ज इलेवन पंजाब का सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय हो चुका है। इसी तरह यह तय है कि डेक्कन चार्जर्स सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में शुक्रवार को होने वाला मुकाबला जीत कर चार्जर्स अपना सम्मान बचाना चाहेंगे। वहीं किंग्ज भी स्थानीय स्टेडियम में होने वाले इस मैच को जीत कर सेमीफाइनल की अपनी सीट सुरक्षित कर लेना चाहेगी। किंग्ज अब तक खेले 11 मैचों में 8 जीत और 3 हार के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर हैं। जबकि चार्जर्स इतने ही मैचों में 9 हार और 2 जीत के साथ अंकतालिका में आठवें पायदान पर हैं।

किंग्ज के बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों गजब की फॉर्म में हैं। टीम के तेज गेंदबाज श्रीसंथ, इरफान पठान और होप्स ने अपने कप्तान युवराज सिंह की उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। वहीं टीम के सलामी बल्लेबाज शेन मार्श आईपीएल के छुपे हुए रुस्तम साबित हुए हैं। आईपीएल में गंभीर और सहवाग के बाद रन बनाने के मामले में मार्श तीसरे स्थान पर हैं। संगकारा, जयवर्धने और होप्स ने भी युवराज को निराश नहीं किया है।

सितारों से सजी चार्जर्स की टीम अभी भी डिस्चार्ज है। आईपीएल के इस पहले संस्करण में चार्जर्स अब तक एक टीम के रूप में नहीं खेल पाए हैं। टीम के नियमित कप्तान वीवीएस लक्ष्मण की अनुपस्थिति में कप्तानी संभाल रहे एडम गिलक्रिस्ट की साख भी दांव पर लगी हुई है। इस बीच चंडीगढ़ के मौसम विभाग ने इस क्षेत्र में औसत से भारी वर्षा तक का अनुमान व्यक्त किया है। ऐसे में शुक्रवार के मैच में एक बार फिर बारिश खलल डाल सकती है। अगर बारिश की आंशका के कारण पिच काफी लंबे समय तक ढका रहता है, तो पिच पर नमी रहने की संभावना बढ़ जाएगी और सीम गेंदबाजों को पिच से काफी मदद मिलेगी। बल्लेबाजों का खेल माने जा रहे ट्वेंटी-20 के लिए यह अच्छी स्थिति नहीं कही जाएगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: