
Spotlight
Indian Premier League Indian Premier League नई दिल्ली. दिनेश कार्तिक की तेज पारी (56*, 32 गेंद) की मदद से दिल्ली डेयरडेविल्स ने शनिवार को आईपीएल में मुंबई इंडियंस पर पांच विकेट से जीत दर्ज की। पहले खेलते हुए मुंबई ने आठ विकेट पर 176 रन बनाए।
दिल्ली ने एक गेंद शेष रहते मैच जीत लिया। इस जीत से दिल्ली ने सेमीफाइनल की संभावना बढ़ा ली है, जबकि मुंबई पर संकट मंडराने लगा है। 130 रन पर पांच विकेट गिरने से दिल्ली परेशानी में नजर आ रही थी, लेकिन कार्तिक ने महारूफ (20*) के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई।
इससे पहले दिल्ली की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। मुंबई इंडियंस ने 5.3 ओवर में 50 रन जोड़ते हुए तूफानी शुरुआत की। जयसूर्या ने 42 गेंदों पर छह चौकों व पांच छक्कों की मदद से 66 रन बनाए।
कप्तान सचिन तेंडुलकर (18) मुंबई की ओर से आउट होने वाले पहले बल्लेबाज रहे। इस मौके पर रॉबिन उथप्पा ने दायित्व संभाला। उथप्पा ने 23 गेंदों में 46 रन की आकर्षक पारी खेली। चार विकेट झटककर दिल्ली के यो महेश सबसे कामयाब गेंदबाज रहे जबकि अमित मिश्रा, माहरुफ और गीव्स को एक-एक विकेट से संतोष करना पड़ा।