
Spotlight
Indian Premier League Indian Premier League नई दिल्ली.
शाहरुख खान की फ्रेंचाइजी वाली टीम कोलकाता नाइट राइडर्स भले ही टी-20 आईपीएल से बाहर हो गई हो लेकिन उसके कप्तान सौरव गांगुली के प्रदर्शन की तारीफ हो रही है। सौरव उर्फ दादा दो मैचों में मैन ऑफ द मैच बने। सौरव ने अपने दमदार प्रदर्शन से दिखा दिया कि उनमें अभी भी दम है तथा वनडे टीम से उन्हें बाहर रखना गलत होगा।
उल्लेखनीय है कि टीम इंडिया की वनडे टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर आरोप है कि उनकी जिद्द की वजह से सौरव को वनडे टीम से बाहर किया गया था। गांगुली ने रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डन में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ विपरीत परिस्थितियों में नाबाद 86 रन की यादगार पारी खेलकर कोलकाता नाइट राइडर्स को सनसनीखेज जीत दिलाई थी।
कोलकाता टीम एक समय नाजुक हालत में नजर आ रही थी,लेकिन गांगुली ने मात्र 53 गेंदों में छह छक्के और छह चौके उड़ा कर अपनी टीम को अविश्वसनीय जीत दिला दी। कोलकाता के कप्तान गांगुली ने टूर्नामेंट का समापन 13 मैचों में 349 रन के साथ किया। उनका सर्वाधिक स्कोर 91, औसत 29.08 और स्ट्राइक रेट 113.68 रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में तीन अर्धशतक बनाए। गांगुली ने टूर्नामेंट में कुल 33 चौके और 15 छक्के मारे। गांगुली ने छह विकेट भी लिए।
गांगुली के मुकाबले आईपीएल के इतने ही मैचों में भारत के वनडे और टी-20 टीमों के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का प्रदर्शन देखा जाए तो गांगुली बीस नजर आते हैं। धोनी ने आईपीएल में अपनी चेन्नई सुपर किंग्स टीम के अब तक के 13 मैचों में 348 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 65 है। उन्होंने टूर्नामेंट में दो अर्धशतक बनाए है। वे अब तक 33 चौके और 12 छक्के मारे हैं।
द्रविड़ की भी हो रही है तारीफ : राहुल द्रविड़ को सौरव से भी पहले वनडे टीम से हटा दिया गया था लेकिन टी-20 में उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा है। उन्होंने दो अर्धशतक लगाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 75 रहा। राहुल ने स्पर्धा में 35 चौके व 11 छक्के भी लगाए। राहुल ने भी अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को करारा जवाब दिया है।