
Spotlight
Indian Premier League Indian Premier League जयपुर. राजस्थान रॉयल्स ने आज मुंबई इंडियंस को रोमांचक मैच में 5 विकेट से पराजित कर दिया। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस की सैमीफाइन में पहुंचने की उम्मीद और कम हो गई है। अब उन्हें चेन्नई के हार जाने की दुआ करनी होगी।
जीत के लिए आज राजस्थान रॉयल्स को 146 रन का आसान लक्ष्य मिला था। इसके बावजूद मुंबई ने बढ़िया गेंदबाजी करते हुए राजस्थान के सामने काफी मुश्किले खड़ी कर दी। मैच अंतिम ओवर तक पहुंचा जिसमें अंतिम गेंद पर मुंबई को हार का मुंह देखना पड़ा।
राजस्थान ने यह लक्ष्य पांच विकेट खोकर प्राप्त कर लिया। इससे पहले सवाई मानसिंह स्टेडियम पर खेले गए मैच में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस को सात विकेट पर 145 रन पर रोक दिया।
रॉयल्स के पाकिस्तानी गेंदबाज सोहेल तनवीर 4/14 और सिद्धार्थ त्रिवेदी 2/31 और यूसुफ पठान ने मेहमान बल्लबाजों पर लगाम कसे रखी। तनवीर टूर्नामैंट में सर्वाधिक 21 विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए।
मुंबई के बल्लेबाजों पर ‘करो या मरो’ के मुकाबले का दबाव स्पष्ट दिखा। सनथ जयसूर्या (38) और टीम के कप्तान सचिन तेंदुलकर (30) ने टीम को 71 रन की बेहद धीमी शुरुआत दी। उन्होंने ये रन बनाने के लिए 11 ओवर खर्च कर दिए।
सिद्धार्थ त्रिवेदी ने रॉयल्स को शुरुआती दोनों सफलताएं दिलाई। पहले उन्होंने जयसूर्या को मिडविकेट पर पंकज के हाथों कैच कराया और बाद में अपनी गेंद पर सचिन को लपका। विकेट गिरने और रनरेट कम होने का असर अन्य बल्लेबाजों पर दिखा, जो रनरेट बढ़ाने के चक्कर में विकेट गंवाते नजर आए।
मुंबई की रनरेट बढ़ाने की आशाएं तब धूमिल हो गईं, जब उसके प्रमुख बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा (3), अभिषेक नायर (25), शान पोलक (0), मनीष पांडे (3) और ड्वेन स्मिथ (8) जल्दी-जल्दी पैवेलियन लौट गए। पारी के अंत में टकावले 24 (8) ने यदि कुछ हाथ न दिखाए होते तो मुंबई का स्कोर और कम हो सकता था।