
Spotlight
Indian Premier League Indian Premier League बेंगलूरु.
इंडियन प्रीमियर लीग के सेमीफाइनल की दौड़ में मुंबई इंडियंस पसोपेश में फंस गए हैं। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए मुंबई के सामने बेंगलूरु रॉयल चैलेंजर्स से न सिर्फ बुधवार का मुकाबला जीतना जरूरी है, बल्कि उसे किस्मत का भी साथ चाहिए होगा। ऐसे में टीम को राजस्थान रॉयल्स से अपना करीबी मुकाबला हारने का काफी अफसोस होगा।
मुंबई का सेमीफाइनल में पहुंचना उसी सूरत में संभव होगा, जब टीम बुधवार का मुकाबला बेंगलूरु रॉयल चैलेंजर्स से जीत जाए साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स डेक्कन चार्जर्स से मंगलवार का मुकाबला हार जाए। टीम अपना मैच जीतने की कोशिश तो कर सकती है, पर डेक्कन चार्जर्स से चेन्नई की हार के लिए बस प्रार्थना ही कर सकती है।
मुंबई की मुश्किल रॉयल्स से अपना पिछला मुकाबला हारने के कारण पैदा हुई है। इस मैच में एक समय टीम जीत की दहलीज पर थी, पर खराब क्षेत्ररक्षण और गेंदबाजी ने टीम की लुटिया डुबो दी। अगर मंगलवार का मैच चेन्नई सुपर किंग्स जीत जाते हैं, तो मुंबई सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो जाएगी। इसी तरह चेन्नई मंगलवार का मुकाबला यदि हार जाते हैं और मुंबई बुधवार को चैलेंजर्स से जीत जाते हैं, तो मुंबई सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। इस सूरत में दोनों टीमों के 14-14 मैचों के बाद 14-14 अंक होंगे और नेट रन रेट के आधार पर मुंबई सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।
दूसरी तरफ रॉयल चैलेंजर्स भी पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को हराने से उत्साहित हैं। चैलेंजर्स की कोशिश उनके लिए निराशजनक रहे इस टूर्नामेंट का आखिरी मुकाबला जीतकर आत्मसम्मान को बचाने की होगी। गौरतलब है कि चैलेंजर्स ने मुंबई को हराकर ही आईपीएल में अपनी पहली जीत दर्ज की थी। ऐसे में मुंबई के खिलाफ टीम के हौंसले जरूर बढ़े हुए होंगे। टीम सेमीफाइनल की दौड़ में भले ही शामिल न हो, पर आखिरी मुकाबला जीत कर मुंबई का खेल तो बिगाड़ ही सकती है।
टीम- मैच- जीत - हार - अंक
मुंबई इंडियंस- 13 - 6 - 7 - 12
रॉयल चैलेंजर्स- 13 - 4 - 9 - 8