
Spotlight
Indian Premier League Indian Premier League मोहालीट्वेंटी-20 इंडियन प्रीमियर लीग में सेमीफाइनल की सीट पहले ही रिजर्व कर चुके राजस्थान रॉयल्स और किंग्ज इलेवन पंजाब बुधवार के मुकाबले में एक दूसरे से मनोवैज्ञानिक बढ़त लेने की कोशिश करेंगे। लीग चरण का आखिरी मुकाबला मोहाली क्रिकेट ग्राउंड पर बुधवार को किंग्ज और रॉयल्स के बीच होगा। हालांकि इस मुकाबले का परिणाम के लिहाज से महत्व नहीं है।
दोनों ही टीमें आईपीएल के सेमीफाइनल में पहले ही पहुंच चुकी हैं। पर इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम बढ़े हौसले के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी। ऐसे में दोनों टीमों की कोशिश जीत के टेंपो को बनाए रखने की होगी। रॉयल्स के साथ पिछले मुकाबले में मात खाने वाली किंग्ज की कोशिश यह मुकाबला जीत कर हिसाब बराबर करने की होगी। रॉयल्स ने अपने पिछले मुकाबले में जिस तरह से मुंबई इंडियंस को अंतिम गेंद पर मात दी उससे स्पष्ट है कि टीम के खिलाड़ियों के हौसले बुलंद हैं और टीम जीत के अपने ट्रैक को बनाए रखने के लिए बेताब है। रॉयल्स ने अपने 13 मुकाबलों में 11 में जीत दर्ज की है।
वहीं किंग्ज ने भी प्रारंभिक दो मुकाबले हारने के बाद काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और टीम ने अपने 13 मुकाबलों में से 9 में जीत हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। हालांकि कोलकाता नाइट राइडर्स से अपना पिछला मुकाबला अविश्वसनीय ढंग से किंग्ज हार गई थी। सेमीफाइनल में उतरने से पहले टीम के पास अपनी कमियों पर ध्यान देने का यह एक बढ़िया मौका है। टीम के कप्तान युवराज सिंह का मानना है कि टीम के क्षेत्ररक्षण में और सुधार की गुंजाइश है। इसके अलावा टीम के गेंदबाजों को अंतिम ओवरों में रन लुटाने से बचने की भी कोशिश करनी होगी।