HomeSpotlightIndian Premier League Indian Premier League

आज भिड़ेगें दिल्ली और राजस्थान

मुंबई. इंडियन प्रीमियर लीग के पहले सेमीफाइनल में दिल्ली डेयरडेविल्स और राजस्थान रॉयल्स का आमना-सामना मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में आज होगा। बल्लेबाजी और गेंदबाजी में दोनों टीमों का प्रदर्शन अब तक संतुलित रहा है। पहले सेमीफाइनल में कौन सी टीम जीतेगी इस संबंध में अभी केवल कयास ही लगाए जा सकते हैं। हालांकि लगभग डेढ माह से चल रहे लीग टूर्नामेंट के 56 मैचों की समाप्ति के बाद राजस्थान अंकतालिका में पहले और दिल्ली चौथे स्थान पर रहा।

टीम जीत सकती है
आज वानखडे स्टेडियम में होने जा रहा पहला सेमीफाइनल मुकाबला वही टीम जीतेगी, जो अपने स्नायु तंत्र और मिले मौकों को भुनाने में सफल रहेगी।

रॉयल्स अपने घर में अजेय रहे
शेन वार्न की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स अपने घरेलू मैदान जयपुर में अजेय रही। आईपीएल की कोई टीम रॉयल्स को उनके घर में पटखनी देने में सफल नहीं हो पाई।

रॉयल्स की केवल तीन हार
आईपीएल की शुरुआत में सबसे कमजोर आंकी जा रही राजस्थान रॉयल्स की टीम को लीग मैचों में केवल दिल्ली डेयरडेविल्स, मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब ही मात दे सके।

हिसाब है बराबर
डेयरडेविल्स और रॉयल्स लीग मैचों में एक दूसरे से दो बार पहले भी भिड़ चुके हैं। 19 अप्रैल के पहले मुकाबले में डेयरडेविल्स ने रॉयल्स को 9 विकेट से धोया। जबकि 11 मई के दूसरे मैच में रॉयल्स शेन वाटसन की बेजोड़ पारी की वजह से रॉयल्स तीन विकेट से मैच जीतने में सफल रहे।

स्पिन आक्रमण में पीछे डेविल्स
वार्न, युसूफ पठान और दिनेश सालुंखे की मौजूदगी में रॉयल्स का स्पिन आक्रमण डेयरडेविल्स से मजबूत नजर आता है। डेविल्स की ओर से यह जिम्मेदारी अमित मिश्रा और वीरेंद्र सहवाग पर होगी।

आराम का फायदा मिल सकता है
लीग मैचों में डेयरडेविल्स ने अपना आखिरी मुकाबला 24 मई को मुंबई इंडियंस से खेला था। टीम पिछले पांच दिन से आराम कर रही है। जबकि रॉयल्स ने अपना आखिरी मैच 28 मई को खेला। ऐसे में सेमीफाइनल मुकाबले के लिए टीम को तरोताजा होने का बहुत कम समय मिला। हालांकि टीम ने अपने आखिरी मुकाबले में टीम के पांच खिलाड़ियों को आराम दिया था। आईपीएल के व्यस्त कार्यक्रम की वजह से टीम का प्रदर्शन प्रभावित हो सकता है।

मैच में खलल पड़ सकता है
मौसम विभाग ने हल्की बूंदा-बांदी की संभावना व्यक्त की है। जबकि आईपीएल प्रशासन की यह उम्मीद होगी कि काश कुछ दिनों तक मुंबई का मौसम एक दम साफ रहे। शहर में आद्र्रता की मात्रा काफी अधिक है, जोकि खिलाड़ियों के लिए सुखद नहीं कही जा सकती। इसके साथ ही बढ़ी हुई आद्र्रता से बारिश के संकेत भी मिलते हैं।

सीम गेंदबाजों को मिलेगी मदद
ऐसा माना जा रहा है कि वानखेड़े की पिच मूवमेंट और अतिरिक्त उछाल के साथ सीम गेंदबाजों के लिए मददगार हो सकती है। ऐसी पिच पर डेयरडेविल्स के गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा, आसिफ और महारूफ की गेंदों का सामना करना रॉयल्स के बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा। इसी तरह रॉयल्स के सीमरों सोहेल तनवीर, मुनाफ पटेल और शेन वाटसन की गेंदें भी कहर बरपा सकती हैं।

सलामी जोड़ी पर निर्भर
डेयरडेविल्स की गंभीर और सहवाग की सलामी जोड़ी ने अब तक आईपीएल के मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और कई मौकों पर अपनी टीम के लिए जीत की नींव रखी है। ऐसे में टीम की सफलता बहुत कुछ इस जोड़ी पर निर्भर करता है। आईपीएल में 500 रनों का आंकड़ा पार करने वाले गंभीर सबसे पहले खिलाड़ी हैं। दूसरी तरफ रॉयल्स के ग्रीम स्मिथ और अस्नोदकर की जोड़ी ने भी काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम को इस जोड़ी से एकबार फिर जोरदार शुरुआत की अपेक्षा होगी।

मध्यक्रम में मजबूत रॉयल्स
कैफ, वाटसन, युसूफ पठान और रवींद्र जडेजा के आईपीएल में प्रदर्शन को देखते हुए रॉयल्स की टीम डेयरडेविल्स की अपेक्षा मध्यक्रम में अधिक मजबूत दिखती है। हालांकि डेयरडेविल्स की टीम में भी मध्यक्रम में डिविलियर्स, शिखर धवन, तिलकरत्ने दिलशान और दिनेश कार्तिक जैसे बल्लेबाज हैं। पर धवन को छोड़कर मध्यक्रम में किसी का प्रदर्शन उल्लेखनीय नहीं रहा है। टीम को अगर सेमीफाइनल का मुकाबला जीतना है तो मध्यक्रम को अच्छा खेल दिखाना ही होगा।

पहला सेमीफाइनल- दिल्ली डेयरडेविल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स
मैच अंपायर- बिली बॉडन और रुडी कर्टजन
थर्ड अंपायर- बिली डॉक्ट्रोव
मैच रेफरी- जवागल श्रीनाथ





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: