
Spotlight
Indian Premier League Indian Premier League भास्कर नेटवर्क.
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के हीरो ईशांत शर्मा और प्रवीण कुमार का जादू टी-20 आईपीएल में नहीं चला और अनजान मनप्रीत गोनी ने दिग्गज बल्लेबाजों की खटिया खड़ी कर दी। जी हां, डेढ़ महीने चली आईपीएल की जंग में कई अनजान चेहरे बड़े लड़ाके के रूप में उभरे। कई दिग्गज धूल चाट गए।
टी-20 लीग में प्रदर्शन के दम पर ही यूसुफ पठान और प्रज्ञान ओझा टीम इंडिया में प्रवेश कर सके हैं, तो स्वप्निल असनोडकर, यो महेश दस्तक दे रहे हैं। यह तय है कि आईपीएल के प्रदर्शन के आधार पर वनडे या टेस्ट टीम का चयन नहीं किया जा सकता। लेकिन टी-20 टीम के लिए यह आदर्श साबित हो सकता है।
‘भास्कर’ ने इसकी कोशिश की और लीग में प्रदर्शन के आधार पर टी-20 के लिए ‘भारतीय टीम’ का चयन किया। इसमें खिलाड़ियों के रन और विकेट के अतिरिक्त अन्य तथ्यों पर भी ध्यान रखा गया। जैसे :- बल्लेबाज ने किस औसत से और कितनी तेजी से रन बनाए। इसी प्रकार गेंदबाज ने किस औसत से रन खर्च किए। संतुलन को ध्यान में रखते हुए टीम में छह बल्लेबाज, पांच गेंदबाज, दो आल राउंडर और एक विकेटकीपर को जगह दी गई।
टीम इस प्रकार है:- महेंद्र सिंह धोनी, (कप्तान/विकेटकीपर), गौतम गंभीर, वीरेंद्र सहवाग, रॉबिन उथप्पा, रोहित शर्मा, युवराज सिंह, सुरेश रैना, यूसुफ पठान, इरफान पठान, पीयूष चावला, श्रीसंथ, आरपी सिंह, मनप्रीत गोनी, यो महेश
युवराज को मिला मैच जिताऊ छवि का फायदा :
युवराज सिंह का लीग में प्रदर्शन बहुद दमदार नहीं रहा है लेकिन अनुभव, मैच जिताऊ क्षमता और पार्ट टाइम गेंदबाजी के चलते वे टीम में बने रहेंगे। रॉबिन उथप्पा की ऊपरी व मध्यक्रम में खेलने की क्षमता को देखते हुए उन्हें टीम में जगह दी गई, हालांकि लीग में उनका प्रदर्शन प्रभावी नहीं रहा था।