Spotlight
Janmashtami Janmashtami न्यूयॉर्क. नेवादा डैजर्ट में 27 अगस्त से शुरू हुए मशहूर बर्निग मैन फेस्टिवल में इस बार एक कृष्ण कैंप और रथ यात्रा का आयोजन हो रहा है।
रेनों से 125 मील दूर नेवादा डैजर्ट के ब्लैक रॉक शहर में हर साल इस फेस्टिवल में करीब 40 हजार लोग एकत्रित होते हैं। इस बार यहां कृष्ण कैंप लगाया है। इसमें पारंपरिक हिंदू शैली में अमेरिकी युगल भी शादी कर रहे हैं। यहां पहले से ही जगन्नाथ मंदिर स्थित है जिसमें हिंदू देवता की आदमकद मूर्ति है। कैंप की संचालक एनाबेल यंगर ने कहा कि कैंप लगाने के लिए दुनिया भर के कृष्ण प्रेमियों से सहयोग मिला है।
एनाबेल ने कहा कि इस कैंप के आयोजन में करीब 20 हजार डॉलर का खर्च आया है और वैंकूवर से यहां तक 1000 मील की दूरी तय कर आ रही भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के परिवहन पर करीब 2000 डॉलर का खर्च आया है। रथयात्रा बलराम जयंती से शुरू होकर जन्माष्टमी तक चलेगी। हफ्ते भर चलने वाली इस रथयात्रा में हर दिन करीब एक हजार श्रद्धालु जुट रहे हैं और करीब 35 हजार लोग इसका दर्शन कर रहे हैं।
कैंप के अन्य संचालकों रसिकनंद और निताई दास ने कहा कि कृष्ण कैंप में हर सुबह छह बजे मंगल आरती का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान रोजाना कृष्ण के बारे में संवाद, चर्चा, समूह भजन कीर्तन, गुरु पूजा, प्रसाद वितरण के बाद रोज कैंप का समापन सुदर्शन नरसिम्हा यज्ञ के साथ किया जाता है।