bhaskar Web English
HomeSpotlightJanmashtami Janmashtami

अपनी कविताएं हमें लिख भेजें

यह हैं कुछ कविताएं जो भास्कर के पाठकों ने भेजी हैं। राधा-कृष्ण-मीरा या जन्माष्टमी पर केंद्रित कीजिए अपना मन और आप भी कुछ पंक्तियां कह डालिए। सामयिक और समकालीन भाव-भंगिमा हो तो क्या कहना.. और तत्काल भेज दीजिए हमें। चुनिंदा अच्छी कविताओं, क्षणिकाओं, त्रिवेणियों या हाइकू को हम वेबसाइट पर ऑनलाइन करेंगे और पढ़ेंगे सब.. (ध्यान रखें कविता की लंबाई ज्यादा न हो)हमें अपनी कविताएं इस पते पर भेजें... editorbhaskar at bhaskar dot com

कृष्ण के रूप में जो अजन्मा है
जन्म लेता है मानव के रूप में
लोगों के हृदय और आस्था में
प्रेम डूबी राधा के लिए
भक्ति में डूबी मीरा के लिए
सुदामा जैसे सखा के लिए और
कंस जैसे शत्रु के लिए
जो अजन्मा है वह भी जन्म लेता है
इसी धरती पर
कृष्ण के रूप में मानवता की रक्षा करने।
डॉ. सुश्री शरद सिंह एम-111, सागर(मप्र)
xxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxx

अली री क्या सुनती हो ये मधुर मोहिनी स्वर
लगता है बंशी पर कान्हा ने रख दिए अधर..

अंग-अंग मे मेरे सर उठा रही है थिरकन,
बंशी की तान पर झूम रहा नागिन सा तन ,
हो गया सखी जाने क्या जादू ये मुझ पर
लगता है बंशी पर कान्हा ने रख दिए अधर..

उठ रही है मन मे मेरे मस्ती भरी तरंग,
जी चाहता है झूमूं मैं भी सारी धरती के संग,
हाय ! उतावला इतना हो रहा मन क्यों कर
लगता है बंशी पर कान्हा ने रख दिए अधर..

पूष्प मुस्कुराते हैं, पंछी भी चहचहाते हैं,
क्या वृक्ष, क्या पौधे, सब झूम के लहलहाते हैं,
आज उत्सव क्या ये चल रहा है धरा पर
लगता है बंशी पर कान्हा ने रख दिए अधर..
ऋषिकेश खोड़के रूह
xxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxx

वह दिवस बस आखिरी था
आखिरी अवसाद का
अष्टमी में आठवां था
अवतरण अनुनाद का
आठ तालों में हुआ जब
जन्म माखनचोर का
शोर जमुना से उठा तब
धरती के आल्हाद का..
तपेश सक्सेना, पुणे
xxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxx

अजूबा आज फिर कर दो मेरा रंग राख-सा कर दो
दिखूं न मैं दिखो न तुम जहां को खाक-सा कर दो
चलो फिर से चलें बृज में नया इक रास रच लें हम..

xxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxx
राधे कृष्ण
राधे श्याम..
..मीरा बेनाम
xxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxx
न राधा तू न मैं कान्हा न दुनिया आज वैसी है
तुझी से मैं बना ऐसा मुझी से तू भी ऐसी है
खुदा किसको यहां बनना बशर तो कम से कम हो लें..
- उपासना अरोरा, दिल्ली
xxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxx
जब अबलाएं अभी तक रो रही हैं तो
अभी तक शील अपना खो रही हैं तो
तुम अब अवतार लेते क्यों नहीं हो कृष्ण..
इशारा भीम तुमसे चाहते हैं कृष्ण
कई अर्जुन तुम्हारी राह तकते हैं
कहीं अब प्रेम की मुरली नहीं बजती
बड़े रूखे बड़े कर्कश-से रस्ते हैं
कभी आए कबीरों की तरह से तुम
कभी आए विवेकानंद बनकर तुम
तुम्हीं आए थे गांधी का चलन लेकर
चले आओ कोई फिर रूप धरकर तुम
चले आओ तुम्हारी अब जरूरत है
तुम अब अवतार लेते क्यों नहीं हो कृष्ण..
- भवेश दिलशाद
xxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxx
अब की जन्माष्टमी पर काश फिर हो कृष्ण का जन्म
कलयुग के भी टलें तभी सब बेइमानी दुष्कर्म..
प्रेम अर्थ फिर समझे हर राधा हर श्याम
मिटे स्वार्थ और काम का निशदिन बढ़ता अधर्म..
सब गाएं मंगल गीत और हो रंगों की बौछार
जन्माष्टमी का त्योहार सिखाए सबको जीवन धर्म..
-दीक्षा हिमिका, भोपाल
xxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxxx





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: