HomeSpotlightJanmashtami Janmashtami

पर्दे पर जमाने के साथ बदले कृष्ण

मुंबई. विचारकों, चिंतकों के साथ ही कई विधाओं के कलाकारों के लिए भी कृष्ण हर समय प्रासंगिक रहे हैं। फिर भी वह विधा संगीत हो, नृत्य हो, चित्रकारी हो या फिल्म। बात अगर फिल्मों की करें तो जमाने के साथ, पीढ़ी दर पीढ़ी कृष्ण को कई रूपों में पर्दे पर उभारा गया।

30 के दशक से बोलती फिल्मों का दौर शुरू हुआ तो पौराणिक, धार्मिक और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्में ही ज्यादा बनीं। पौराणिक या धार्मिक फिल्मों में कृष्ण कथा ने फिल्मकारों का काफी आकर्षित किया क्योंकि उनके जीवन की झांकी के प्रसंग मनोरंजक होने के साथ ही लोकप्रिय भी थे, साथ ही नीतिपरक भी। मुख्यत: जिन अभिनेताओं ने कृष्ण की भूमिका को पर्दे पर साकार किया उनमें सबसे प्रमुख हैं शाहू मोढक। उनके अलावा भी कई अभिनेताओं ने कृष्ण की भूमिका निभाई है।

खास बात यह है कि रुपहले पर्दे पर कम तकनीक के साथ ही कृष्ण जीवन को प्रदर्शित किया जा सका। और, महाभारत की पहली भव्य गाथा देखने को मिली टीवी पर 80 के दशक के अंत में। अगर बात की जाए कृष्ण कथा की तो इस पर आधारित भी कई फिल्में बनीं हालांकि इन फिल्मों में कृष्ण और महाभारत के संदर्भो से समकालीन कथा रची गई। हम पांच, श्याम बेनेगल की कलयुग और एक अन्य संदर्भ के साथ देव आनंद ने हरे रामा हरे कृष्णा का निर्माण किया।

फिर बीआर चोपड़ा ने महाभारत का निर्माण बड़े पैमाने पर किया और इस धारावाहिक ने अभूतपूर्व ख्याति अर्जित की। उस समय हर रविवार को दर्शक टीवी के सामने होते थे और सड़कों पर उतनी देर तक सन्नाटा पसर जाता था। इस धारावाहिक से कृष्ण की भूमिका में नीतीश भारद्वाज ने भी भारी लोकप्रियता अर्जित की।

बड़े परदे से छोटे परदे पर कृष्ण के अवतरित होने के बाद जमाना फिर बदला और तकनीक का विकास हुआ तो 21वीं सदी के बचपन को एक नए रूप में कृष्ण के दर्शन हुए। कृष्ण के नटखटपन को नटखट अंदाज में ही प्रस्तुत किया गया और हुनमान के बाद दो साल पहले कृष्ण पर एनिमेटेड फिल्म बनाई गई।

आइए, कृष्ण के किरदार में चर्चित रहे अभिनेताओं को जानें :

शाहू मोढक
1934 में राधा मोहन फिल्म में नंद के लाला का रोल करने के बाद हिंदी सिनेमा में शाहू मोढक ने कई रिकॉर्ड स्थापित कर रखे हैं। उन्होंने सर्वाधिक फिल्मों में कृष्ण की भूमिका निभाने के साथ ही सबसे ज्यादा धार्मिक या पौराणिक पृष्ठभूमि के लोकप्रिय चरित्रों को परदे पर उतारने का भी रिकॉर्ड बनाया है। 50 से ज्यादा फिल्मों में उन्होंने ऐसे चरित्र निभाए और 50 के दशक तक वे धार्मिक फिल्मों के पसंदीदा अभिनेता रहे।

पृथ्वीराज कपूर
पृथ्वीराज कपूर यों तो सामयिक सामाजिक फिल्मों से ज्यादा संबद्ध रहे लेकिन उन्होंने अपने कैरियर में कुछ धार्मिक गाथाओं पर आधारित फिल्मों में भी अभिनय किया। राजरानी मीरा, विद्यापति, महारथी कर्ण, नल दमयंती, श्रीकृष्ण युद्ध, विक्रमादित्य, वाल्मीकि, देवदासी, आनंदमठ जैसी फिल्मों में उनकी भूमिकाओं का जन मानस ने काफी पसंद किया।

एन टी रामाराव
लोकप्रिय तेलगु अभिनेता एन टी रामाराव ने भी फिल्म में श्रीकृष्ण की भूमिका निभाई है। एन टी आर ने पहली बार किसी धार्मिक रोल को निभाया तो वह श्रीकृष्ण का ही रोल था। ‘माया बाजार’ नामक मूवी में उन्होंने कृष्ण का रोल निभाया था।

विक्रम गोखले
सत्तर के दशक में दूसरी पंक्ति की फिल्मों के हीरो विक्रम गोखले। उन्होंने पहले पहल एक हिंदी फिल्म ‘ये है जिंदगी’ में श्री कृष्ण का रोल अदा किया। संजीव कुमार जैसे सधे हुए एक्टर जो इस फिल्म के नायक भी थे, को उन्होंने अपने बेहतरीन अभिनय से कड़ी टक्कर दी। बदले में उन्हंे अक्सर यही किरदार निभाने के ऑफर आने लगे।

नीतिश भारद्वाज
नीतिश भारद्वाज ने बी आर फिल्म्स के बैनर तले निर्मित धारावाहिक महाभारत में श्रीकृष्ण का रोल निभाया था। अभिनय से पहले नीतिश एक डेंटिस्ट थे। लेकिन, कृष्ण के रूप में उनकी इतनी जीवंत छवि बनी कि देश भर में कई जगह महिलाएं और बच्चे उन्हें साक्षात कृष्ण ही मानने लगे थे। इसके बाद वे राजनीति में आए और जमशेदपुर से बीजेपी प्रत्याशी के रूप में लोकसभा सदस्य बने।

कृष्णा एनिमेटेड
हनुमान पर एनिमेटेड मूवी बनाने के बाद भगवान श्रीकृष्ण पर केंद्रित एनिमेटेड मूवी बनी। बच्चों को आकर्षित करने के उद्देश्य से इस फिल्म में कृष्ण के बाल जीवन की रोमांचक घटनाओं को प्रस्तुत किया गया। पूतना संहार, कालिया वध और माखन चोरी के अलावा कंस वध तक की कहानी इस फिल्म में एनिमेशन के जरिए प्रभावी ढंग से दिखाई गई हालांकि इसके एनिमेशन की क्वालिटी हुनमान के मुकाबले कमजोर रही लेकिन कृष्ण ने बच्चों के मन को खूब मोहा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: