मुंबई. लताजी के बारे में मशहूर और कामयाब हस्तियों ने जो कुछ कहा है, वह सब बेशक सही है और यह काबिले-गौर है कि अगर इस सबका केवल दस फीसदी भर सही माना जाए तो भी एक बात साफ है कि स्वर साम्राज्ञी, भारत कोकिला और बुलबुले-हिंद जैसे तमाम विशेषण उनके लिए फीके ही पड़ेंगे क्योंकि लता उस आवाज का नाम है जिसकी तासीर है गूंजना, सालों-सालों तक, सदियों-सदियों तक। आइए जानते हैं उनके बारे में किसने क्या कहा :
बेटी तूने मुझे रुला दिया!
- पंडित जवाहरलाल नेहरू, (ऐ मेरे वतन के लोगों.. सुनने के बाद)
कमबख्त! गलती से भी कभी बेसुरा नहीं गाती.. वाकई उस्तादों की उस्ताद है।
- उस्ताद बड़े गुलाम अली खान (शास्त्रीय गायक)
हम शास्त्रीय संगीतकार जिस चीज को मांझने के लिए साढ़े तीन घंटे लेते हैं, यकीन मानिए लता वही सिर्फ 3 मिनट में करती है।
- उस्ताद अमीर खान (शास्त्रीय गायक)
हम संगीतकारों को लता भगवान का एक तोहफा है। अगर वह हमारे इर्द-गिर्द हो तो हमें किसी सीमा का खयाल नहीं रखना होता। हम संगीत की गहराइयों में उतरकर धुनें बना सकते हैं।
- अनिल बिस्वास (संगीतकार)
बेमिसाल, इसके अलावा उनके लिए कोई और शब्द नहीं है।
- सी रामचंद्र (संगीतकार)
लता तो लता हैं। लताजी की तरह मेरी नजर में तो आज तक कोई पैदा नहीं हुआ। लताजी को अल्लाह ने आवाज दी है। इल्म उन्हें उनके वालिद साहब से मिला। खुदा की तरफ से उन पर करम है।
- नूरजहां (गायिका)
जिस स्टेज पर लता मंगेशकर जैसा महान कलाकार हो उस स्टेज पर किसी दूसरे कलाकार को आना नहीं चाहिए पर उन्होंने बड़ा भाई बनाकर मुझ पर एहसान किया है कि हर तरह की बदतमीजी की मुझे दे रखी है।
- मुकेश (गायक)
मैं बचपन से उनके गीत सुन रही हूं। बहुत कम गायकों के पास वह रेंज है जो उनकी आवाज में है। उन्हें कोई भी गीत दीजिए फिर भाषा कोई भी हो, उन्हें फर्क नहीं पड़ता। उनकी ट्यूनिंग लाजवाब होती है। अक्सर उन्हें सुनकर लगता है कि जैसे मंदिर से सुर गूंज रहे हैं। अल्लाह तेरो नाम.. उनका यह गीत मुझे बेहद पसंद है।
- आशा भोंसले (गायिका)
जिस तरह फूल की खुश्बू का कोई रंग नहीं होता वो महज खुश्बू होती है, जिस तरह बहते हुए पानी के झरने या ठंडी हवाओं का कोई घर या देश नहीं होता, जिस तरह कि उभरते हुए सूरज की किरणों का या किसी मासूम बच्चे की मुस्कुराहट का कोई मजहब या भेदभाव नहीं होता, वैसे ही लता मंगेशकर की आवाज कुदरत की तख़लीक का एक करिश्मा है।
- दिलीप कुमार (अभिनेता)
लता किसी तारीफ की नहीं बल्कि परस्तिश के काबिल हैं। उनकी आवाज सुनने के बाद ऐसा आलम तारी हो जाता है.. यूं समझिए जैसे कोई दरगाह या मंदिर में जाए तो वहां पहुंचकर इबादत में सिर खुदबखुद झुक जाता है और आंखों से बेसाख्ता आंसू बहने लगते हैं।
- नरगिस दत्त (अभिनेत्री)
पड़ोसी मुल्क के मेरे दोस्त कहते हैं कि उनके मुल्क में सब कुछ है जो हिंदोस्तान में है, बस दो चीजें नहीं हैं एक तो ताज और दूसरी लता मंगेशकर। बेशक सहस्राब्दि की आवाज लताजी ही हैं।
- अमिताभ बच्चन (अभिनेता)
अक्सर होता यह है कि एक कलाकार कला की राह पर चलता है लेकिन लता के मामले में उल्टा है कला उनका पीछा करती है।
- यश चोपड़ा (फिल्म निर्माता/निर्देशक)
इस धरती पर एक सूरज है, एक चांद है और एक लता है।
- जावेद अख्तर (लेखक/गीतकार)
कई कलाकार हैं जिन्होंने सफलता के शीर्ष को छुआ है लेकिन लता उन सबमें दुर्लभ हैं क्योंकि एक बार वहां जाकर वे कभी नीचे नहीं आईं।
- सलीम खान (लेखक)
काश! मैं एक अभिनेत्री होता और काश! मैं इतना खुशकिस्मत होता कि लताजी के गाए एक गीत पर स्क्रीन पर अभिनय कर पाता।
- शाहरुख खान (अभिनेता)