महाराष्ट्र में एक थिएटर कंपनी चलाते थे मशहूर संगीतकार दीनानाथ मंगेशकर। लता उनकी सबसे बड़ी बेटी हैं। उनका जन्म 28 सितंबर 1929 को इंदौर मंे हुआ।
एक तरफ भारत छोड़ो आंदोलन शीर्ष पर था और ऐसे में दीनानाथजी के देहांत के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी 13 साल की लता पर आ गई। उस्ताद अमानत खान और अमान अली खान से संगीत की शिक्षा ले रही छोटी सी लता ने अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए सबसे पहले एक मराठी फिल्म किती हासिल में गाना गाया। हालांकि यह फिल्म में शामिल नहीं किया गया।
उसके बाद धीरे-धीरे भारत आजाद होने के बाद लताजी फिल्मों में निरंतर गाने लगीं और आपकी सेवा में पहली हिंदी फिल्म थी जिसमें उन्होंने गाने गाए लेकिन इस फिल्म की कोई चर्चा नहीं हुई। फिर 1949 में बरसात, दुलारी, महल और अंदाज इन चार फिल्मों से लताजी का सितारा जो चमका तो आज तक फीका न पड़ा।
ओपी नैयर के अलावा हर सफल और बड़े संगीतकार के साथ काम करने वाली लताजी तकरीबन हर संगीतकार की पहली पसंद ही रहीं। लाखों से करोड़ों श्रोताओं के दिल में एक मासूम सा मुकाम बनाने वाली लताजी को देश के सबसे बड़े सम्मान भारत रत्न और फिल्म जगत के सबसे बड़े सम्मान दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है। |