कोच्चि. विश्व हिंदू परिषद महासचिव प्रवीण तोगड़िया ने रामसेतु मुद्दे पर कहा है कि केंद्र या तो सेतुसमुद्रम परियोजना रद्द करे या फिर सेतु को बचाने के लिए परियोजना के लिए कोई दूसरा मार्ग ढूंढे।
तोगड़िया ने हिंदू संस्कृति केंद्र के उद्घाटन के दौरान कहा कि रामसेतु नष्ट होने से तमिलनाडु और केरल तट के विशाल थोरियम भंडार पर संकट पैदा हो जाएगा और इससे भारतीय अर्थव्यवस्था भी चरमराएगी।
उन्होंने दावा किया कि थोरियम आधारित ऊर्जा संयंत्रो से 4 लाख मेगावाट बिजली पैदा की जा सकती है, जो 1.30 लाख मेगावाट की मौजूदा मांग से काफी ज्यादा है। उन्होंने कहा कि किसी भी अर्थव्यवस्था के विकास के लिए बिजली जरूरी है और सरकार यदि गरीबी हटाना और आर्थिक विकास बनाए रखना चाहती है तो रामसेतु को किसी भी कीमत पर बचाना होगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र इस परियोजना को रद्द करे या इसके लिए कोई नया मार्ग तलाशे। रामसेतु के नष्ट होने से पर्यावरण के लिए खतरा पैदा होने के साथ ही कम से कम चार लाख मछुआरे बेरोजगार हो जाएंगे।