Spotlight
Salman n law Salman n law जोधपुर. बहुचर्चित हिरण शिकार प्रकरण में फंसे सलमान खान को गुरुवार को ही आभास हो गया था कि उन्हें अदालत से कोई राहत नहीं मिलने वाली। उन्हें पता था कि अदालत ने सजा को बहाल रखा तो आगे आने वाली छुट्टियों के कारण उन्हें चार दिन जेल में बिताने होंगे। इसलिए सोची समझी रणनीति के तहत वह शुक्रवार को कोर्ट में पेश नहीं हुए।
यहां मौजूद उनकी बहन और उनके वकीलों को उम्मीद थी कि हाजरी माफी मिलने पर फैसला फिलहाल टल जाएगा, मगर सेशन जज के समक्ष हाजरी माफी का आवेदन करने से पहले ही सजा सुनाने से सारा माजरा बदल गया। गिरफ्तारी वारंट से बचने के लिए बीमारी का बहाना करते हुए समर्पण करने के लिए दस दिन की मोहलत भी मांगी, मगर यह पैंैतरा भी काम नहीं आ पाया।
घोड़ा फार्म हाउस में हिरण शिकार मामले में 24 अगस्त को फैसला सुनाना तय था और सलमान गुरुवार को हैदराबाद से मुंबई होकर जयपुर पहुंचे भी। लेकिन सजा की आशंका की वजह से वे अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बहन अलवीरा के साथ उनका अजमेर स्थित ख्वाजा दरगाह में जाकर दुआ मांगने आने का कार्यक्रम था, मगर उनकी छुट्टियों की वजह से चार दिन जेल में रहने की घबराहट को देखते हुए जयपुर में उनके हाजरी माफी की रणनीति बनाई।
उसी रणनीति के तहत सलमान वापस जोधपुर आने के बजाय मुंबई रवाना हो गए, जबकि उनके नजदीकी सूत्र कभी मुंबई से शाम की फ्लाइट से जोधपुर पहुंचने तो, कभी मुंबई से शाम की फ्लाइट से दिल्ली होकर सड़क मार्ग से जोधपुर पहुंचने की सूचनाएं देते रहे। वहीं उनकी बहन अलवीरा भाई के लिए ख्वाजा के दरबार में मत्था टेक कर जोधपुर पहुंच गई। मुंबई से उनके साथ आए वकील दीपेश मेहता और जयपुर के वकील आर एस बाजवा के साथ हाजरी माफी की रणनीति बनाने के बाद वे रात करीब 11 बजे स्थानीय वकील हस्तीमल सारस्वत के घर पर पहुंची।
वहां भी करीब दो घंटे सलमान को सजा होने की स्थिति में चार दिन जेल में रहने से बचाने के लिए हाजरी माफी पर विचार होता रहा। आखिर में चार दिन जेल से बचने के लिए हाजरी माफी का रास्ता चुना गया। रणनीति के तहत सलमान की जोधपुर के लिए शुक्रवार सुबह जेट एयरवेज की फ्लाइट से टिकट और ताज हरी महल मे कमरा बुक किया गया। हालांकि सलमान सुबह मुंबई से रवाना हुए ही नहीं। इधर उनकी बहन अलवीरा अपने वकीलों के साथ सेशन कोर्ट में पेश हुई। वे हाजरी माफी की गुहार करते उससे पूर्व ही जज ने निचली अदालत के फैसले का सही ठहराते हुए सजा बरकरार रख दी।
जब कोर्ट से सलमान के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने की तैयारी शुरु हुई तो उनके वकीलों ने उनके समर्पण के लिए दस दिन की मोहलत मांगी, मगर उनकी इस अर्जी को भी कोर्ट ने खारिज कर दिया। इस तरह सलमान की आशंका सही साबित हुई,मगर वे रणनीति की वजह से फिलहाल चार दिन जेल जाने से बच गए।