Spotlight
Twenty20 Worldcup2007 Twenty20 Worldcup2007
केपटाउन:जिंबाब्वे ने ट्वंटी20 विश्वकप के दूसरे दिन ही एक बड़ा उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से पीटकर सबको हैरत में डाल दिया है। उसकी जीत के नायक सलामी बल्लेबाज ब्रेंड टेलर रहे जिन्होंने अंत तक विकेट पर रहते हुए 60 रनों की शानदार पारी खेली। 139 रनों के विजयी लक्ष्य का पीछा कर रही इस संकटग्रस्त देश की टीम को अंतिम ओवर में जीत के 12 रन बनाने थे। टेलर ने ब्रेकन द्वारा फेंके गए इस ओवर की पहली और पांचवी गेंद पर चौके लगाकर एक गेंद रहते ही अपनी टीम को नाटकीय जीत दिला दी।
इस ट्वंटी20 विश्वकप से पहले सबके जेहन में सवाल था कि क्या ऑस्ट्रेलिया कि क्रिकेट में एकक्षत्र बादशाहत को यहां चुनौती दी जा सकेगी। इस सवाल से जूझ रही टीमों को जिंबाब्वे ने एक आशा की किरण दिखाई है। ट्वंटी20 कप के ग्रुप बी के मैच में जिंबाब्वे ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर नकेल कसते हुए विश्व चैंपियन की पारी को निर्धारित 20 ओवरोंे में 139 रन पर ही सीमित कर दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बिलकुल असहाय नजर आए चिंगुबुरा और ब्रेंट ने शुरुआत में एडम गिलक्रिस्ट(4), हैडन(4) और पोंटिंग(8) के विकेट निकालकर उसकी कमर ही तोड़ दी। हालांकि साइमंड्स(33) और ब्रेड होग(35) ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन उनका साथ देने विकेट पर कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक नहीं ठहरा। सभी शीर्ष बल्लेबाजों में से केवल 3 ही दहाई अंक तक पहुंच सके। जिंबाब्वे की ओर से चिंगुबुरा ने 3 और ब्रेंट ने 2 विकेट लिए। दो कंगारु बल्लेबाज रन आउट हुए।