Spotlight
Twenty20 Worldcup2007 Twenty20 Worldcup2007
जोहानिसबर्ग: पाकिस्तान ने शोएब मलिक(57) और यूनिस खान(51) की शानदार बल्लेबाजी और शाहिद आफरीदी(18/3) की शानदार गेंदबाजी के दम पर विश्वकप उप विजेता श्रीलंका पर 33 रनों की प्रभावशाली जीत दर्ज कर सेमीफाइनल के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया। लंका को जीत के लिए 190 रन बनाने थे, लेकिन वह निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर सिर्फ 156 रन ही बना सकी। यूनुस खान को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने लंका के टॉप आर्डर को तहस नहस कर दिया।भारत के खिलाफ 4 ओवरों में 4 विकेट लेने वाले मो. आसिफ ने आज भी अपने पहले ही ओवर में थरंगा(0) को पवेलियन भेजा। इस ओवर में तनवीर के आसान कैच छोड़ दिए जाने के कारण यह गंेदबाज जयसूर्या के विकेट से वंचित रह गया। लेकिन अगले ही ओवर में तनवीर ने जयसूर्या(4) को बोल्ड कर इसकी भरपाई कर ली उस समय लंका का स्कोर सिर्फ 5 रन था। आसिफ ने खतरनाक होते जा रहे संगाकारा(18) को भी पवेलियन भेजकर लंका की जीत की संभावनाओं को करारा झटका दिया। कप्तान महेला जयवर्धने(28) ने चामारा सिल्वा(38) के साथ मिलकर अपनी टीम को मैच में वापस लाने की कोशिश की। दोनों के बीच 32 गेंदों में 53 रन की साझेदारी हुई।
पाक कप्तान मलिक ने गेंदबाजी में परिवर्तन कर गेंद आफरीदी को संभाली। उन्होंने अपने दूसरे और पारी के 11 वे ओवर में जयवर्धने को चलता कर पाक की निश्चित जीत की ओर अग्रसर किया। इसके बाद अपने अगले ही ओवर में डेंजर मैन चमारा को बोल्ड कर टीम की जीत तय कर दी। यहां से श्रीलंका टीम हार के अंतर को कम करने के लिए ही खेली। हफीज द्वारा फेंके गए 19 वें ओवर में दिलशान ने तीन छक्के लगाकर प्याली में तूफान लाने का प्रयास किया,लेकिन तब तक लंका मैच से बाहर हो चुका था।
श्रीलंका के कप्तान महेला जयवर्धने ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। उनका यह फैसला चामिंडा वास और दिलहारा फर्नोडो ने सही साबित करते हुए शुरुआती पाक बल्लेबाजों को बांध दिया था। नतीजतन सलमान बट्ट(12), इमरान नजीर(07) और मोहम्मद हफीज(10) तेज रन बनाने के चक्कर में आउट हो गए। फर्नाडो ने बहुत ही सधी गेंदबाजी करते हुए नजीर और हफीज को अपनी यार्कर का शिकार बनाया।
इसके बाद यूनिस खान(51) और शोएब मलिक(57) ने शतकीय साझेदारी निभाते हुए पाक को मैच में वापस ला दिया। दोनों के बीच 61 गेंदों में 101 रन की साझेदारी निभाई। यूनुस खान ने मालिंगा और जयसूर्या पर खास निशाना साधा। उन्होंने जयसूर्या द्वारा फेंके गए पारी के 13 वें ओवर में दो छक्कों और एक चौके सहित कुल 20 रन जोड़े। इस जोड़ी ने बाद के ओवरों में मालिंगा को भी लय में नहीं दिया। हालांकि इन दोनों खिलाड़ियों के विकेट मालिंगा को ही मिले, लेकिन उनके चार ओवरों में 43 रन बने, जबकि जयसूर्या ने ट्वंटी20 के लिहाज से सबसे महंगे गेंदबाजों की सूची में शुमार होते हुए 4 ओवरों में 64 रन दे डाले। उनके अंतिम ओवरों में भी मिसबाह उल हक ने दो छक्के जमाए। पाक की ओर से शाहिद आफरीदी ने 17, और मिसबाह उल हक ने 16 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से मालिंगा ने 3 और फर्नाडो ने 2 विकेट लिए।