Spotlight
Twenty20 Worldcup2007 Twenty20 Worldcup2007
डरबन/जोहानिसबर्ग: न्यूजीलैंड और पाकिस्तान ने ट्वंटी20 विश्वकप में सुपर एट के दौर में अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया है। न्यूजीलैंड ने ग्रुप ई के अपने मैच में इंग्लैंड को हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की, वहीं ग्रुप एएफ में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया पर 6 विकेट से प्रभावशाली जीत दर्ज की। उसकी भी यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले पाक ने श्रीलंका को हराया था।
मंगलवार का पहला मैच ग्रुप ई में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया। सोमवार को दक्षिण अफ्रीका के हाथों शिकस्त खाने वाली इंग्लैंड टीम को अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को जीवित रखने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना था,वहीं भारत को हरा चुकी न्यूजीलैंड के लिए आज जीत का अर्थ था सेमीफाइनल में स्थान लगभग तय हो जाना।
इंग्लैंड के कप्तान पॉल कालिंगवुड ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। अंग्रेज गेंदबाजों ने जल्दी इस निर्णय पर मुहर लगाते हुए 6 ठे ओवर तक सिर्फ 31 के स्कोर पर चार शीर्ष कीवी बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। लेकिन बीच के ओवरों में मैस्करेंहस और कालिंगवुड की लचर गेंदबाजी ने कीवी बल्लेबाजों को मैच में लौटने का अवसर प्रदान कर दिया। ऑल राउंडर मैकमिलन ने सिर्फ 31 गेंदों में 57 रनों की जोरदार पारी खेली। उन्होंने स्कॉट स्टाइरिस(42) के साथ 36 गेंदों पर 60 रनों की भागीदारी की। स्टाइरिस के लौटने के बाद उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम के स्कोर को 164 तक पहुंचाने में मदद की। कप्तान विटोरी ने लगातार दूसरे मैच में बल्ला भांजते हुए 9 गेंदों पर 17 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से मेड्डी और एंडरसन ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में मेड्डी और सोलंकी की नई सलामी जोड़ी ने 8 ओवरों में 62 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दी, लेकिन सोलंकी(24) के आउट होने के बाद इंग्लैंड का शीर्षक्रम लड़खड़ा गया और जल्दी ही स्कोर 104 रन पर 5 विकेट हो गया। छठे विकेट के लिए ओवस शाह(21) और ल्युक व्हाईट(24) ने जल्दी जल्दी 42 रन जोड़कर मैच को रोचक स्थिति में ला खड़ा किया। इंग्लैंड को अंतिम दो ओवरों में जीत के लिए 19 रन बनाने थे, लेकिन बांड के इस ओवर में तीन विकेट गंवाकर इंग्लैंड मैच से बाहर हो गया। इसके साथ ही वह विश्वकप से लगभग बाहर हो गया।
ग्रुप एफ का आज का दूसरा मैच पाकिस्तान के लगातार दूसरे दिन जोरदार प्रदर्शन का गवाह बना। पाक ने विश्वकप उप विजेता लंका के बाद आज विश्व विजेता ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट हरा दिया। उसने जीत के लिए मिला 165 रनों का लक्ष्य कप्तान शोएब मलिक(52) और मिस्बाह उल हक(66) के बीच हुई 119 रनों की अविजित साझेदारी की मदद से आसानी से हासिल कर लिया। विजेता टीम एक समय 46 रन पर 4 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पाक गेंदबाजों ने लगातार चौंथे मैच में जोरदार शुरुआत करते हुए चौंथे ओवर तक गिलक्रिस्ट(24) और हैडन(01) की विश्व विख्यात जोड़ी को पवेलियन भेज दिया। ये दोनों विकेट शोएब अख्तर की जगह अंतिम समय में शामिल किए गए सोहल तनवीर ने हासिल किए। हालांकि अपनी ख्याति के अनुरूप कंगारू जल्दी ही ट्रेक पर आ गए। कप्तान पोंटिंग(27) और साइमंड्स(29) ने तीसरे विकेट के लिए ताबड़तोड़ 48 रन जोड़े। लेकिन शाहिद आफरीदी ने साइमंड्स और हफीज ने पोंटिंग के डंडे बिखेरकर पाक को फिर मैच पर हावी कर दिया। माइकल हुस्से(37) और ब्रेड हॉग(36) ने छठे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी निभाकर अपनी टीम को विशाल स्कोर की ओर अग्रसर किया, लेकिन अंतिम तीन ओवरों में पाक गेंदबाजों की सधी गेंदबाजी के चलते उनकी यह हसरत धरी रह गई। पाक ने अंतिम तीन ओवरों में सिर्फ 14 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अंत में यही प्रदर्शन निर्णायक साबित हुआ।