Spotlight
Twenty20 Worldcup2007 Twenty20 Worldcup2007
डरबन:बीती रात इंग्लैंड के प्रतिभाशाली युवा तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड की छह गेंदों पर छह छक्के लगाकर क्रिकेट इतिहास में सबसे कम गेंदों और समय में अर्धशतक पूरा करने वाले भारत के युवराज सिंह ने कहा है कि उनकी तुलना महान क्रिकेटर गैरी सोबर्स से न की जाए। वेस्टइंडियन सोबर्स एक महान खिलाड़ी हैं। उनकी किसी से तुलना नहीं हो सकती।
युवराज ने कहा कि कल के मैच के बाद मुझसे कई लोगों ने कहा कि मैं बिलकुल सोबर्स की तरह बल्लेबाजी करता हूं, पर सच्चई यह है कि मैं उनकी तुलना में आधे से भी कम हूं। हालांकि इस तरह की तारीफ सुनना अपने आप में महान अनुभूति है।
युवराज ने बुधवार को डरबन के किंग्समीड मैदान में ब्रॉड की एक ओवर में छह छक्के मारे थे। उनकी इस पारी की मदद से भारत ने इंग्लैंड को 18 रन से हराकर अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को जीवित रखा था।
आज भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए मेजबान दक्षिण अफ्रीका को हर हाल में हराना ही होगा। इस जीत के बाद उसके भी मेजबान और न्यूजीलैंड के साथ 4-4 अंक हो जाएंगे। इसके बाद श्रेष्ठ दो टीमों का निर्णय नेट रन रेट के आधार पर होगा।
हालांकि भारत का नेट रन रेट 0.20 है। यह न्यूजीलैंड(0.05) से बेहतर है। इसके चलते अगर वह आज अफ्रीका पर जीत दर्ज करके ही सेमीफाइनल में जगह बना सकता है। दक्षिण अफ्रीका का रन रेट(0.76) ग्रुप ई में सबसे बेहतर है।
दक्षिण अफ्रीका को हराना मुश्किल नहीं: युवी ने कहा कि इस विश्वकप से पहले भारत ने एकमात्र ट्वंटी20 मैच जोहानिसबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। इसमें उसे जीत मिली थी। अगर भारत आज इंग्लैंड के खिलाफ किया गया प्रदर्शन दोहरा पाया तो कोई वजह नहीं है कि वह अफ्रीका को न हरा पाए।
पांचवा छक्का मिस हिट था: युवराज ने खुलास किया कि ब्रॉड की पांचवी गेंद को वे मिस टाइम कर गए थे। उन्होंने कहा कि उनका पहला छक्का सबसे लंबा था। दूसरा शॉट स्क्वेर पर मारा था। तीसरा छक्का लांग ऑफ पर गया था। चौंथा प्वाइंट पर था। उनका पांचवा छक्का मिड विकेट के ऊपर से गया था। यह वास्तव में एक मिस हिट था। छठा लांग आन पर था।
युवी ने कहा कि उन्हें छह छक्के मारने का ख्याल पांचवे छक्के के बाद ही आया था। उन्होंने कहा कि चौंथा छक्का मारने के बाद मैंने सोचा था कि अगर मैंने अपनी क्रिज का ठीक तरह से उपयोग किया तो मैं एक और लंबा शॉट खेल सकता हूं। पांचवे शॉट के बाद ही उन्हें यह ख्याल आया कि उन्हें छठे शॉट के लिए जाना चाहिए।
दिमीत्री थे दिमाग में: युवराज ने कहा कि दिमीत्री मैस्करहैंस ने उनके एक ओवर में पांच छक्के मारे थे यह बात उनके जेहन में थी। प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद उन्होंने कहा कि आज उन्हें बहुत ज्यादा कॉल आ रहे हैं। इतने तो तब भी नहीं आते जब वे शतक बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि ओवल उनके लिए एक बुरे सपने के समान ही था, जब दिमीत्री ने उनके ओवरमें पांच छक्के मारे थे। उन्हें आज ब्रॉड के लिए बेहद अफसोस है क्योंकि वह इंग्लैंड का बेहतरीन तेज गेंदबाज है।
संबंधित खबरें
* भारत ने रोचक मुकाबले में इंग्लैंड को हराया
* युवराज के छह गेंदों पर छह छक्के