HomeSpotlightTwenty20 Worldcup2007 Twenty20 Worldcup2007

क्रिकेट सटोरियों को 1 अरब का घाटा

रायपुर. दक्षिण अफ्रीका में चल रहे ट्वेंटी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लेने के कारण मध्य भारत में प्रमुख सटोरियों को तकरीबन 1.239 अरब रुपए का घाटा हुआ है।

मध्य भारत से 63800 से ज्यादा पंटरों ने गुरुवार शाम तक तकरीबन 76.2 लाख रुपए का सट्टा टूर्नामेंट में लगाया था लेकिन बड़े स्तर पर अवैध रूप से सट्टे का कारोबार चलाने वाले सटोरियों ने 41000 से ज्यादा जुआरियों को करीब सवा अरब रुपए की राशि का भुगतान किया है। आकिब भाई ने कहा कि इस ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट से उन्हें खासा सदमा लगा है।

क्षेत्र के सट्टा करोबार के किंग कहे जाने वाले आकिब भाई और एक अन्य पुराने सटोरिए, जिसे राजा के नाम से जाना जाता है, ने कहा कि टूर्नामेंट पर लगे 76.2 लाख रुपए में से 41.3 लाख रुपए भारत और पाकिस्तान पर लगाए गए थे।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सटोरियों के नए गढ़ के रूप में उभरा है और इसके तार मध्य पूर्व के सट्टा किंग्स तक जुड़े हुए हैं। पिछले पांच सालों में यहां मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र के विदर्भ जैसे क्षेत्रों से जुड़ा सट्टा बाजार का कारोबार जारी है।

आकिब भाई ने खुलासा किया कि सट्टे के कारोबार में पसंदीदा टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर पैसा लगाने वालों को चार गुना लौटाने का वादा किया गया था और नतीजों के आधार पर 1.652 अरब रुपए का भुगतान किया गया है यानी कुल घाटा 1.239 अरब रुपए का हुआ है। इसके अलावा फाइनल में पहुंचने वाली टीम पर पैसा लगाने पर एक का पांच और टूर्नामेंट जीतने वाली टीम पर पैसा लगाने पर एक का छह भाव चल रहा है।

आकिब भाई के मुताबिक भारत और पाक के सेमीफाइनल में पहुंचने पर कुल 41.3 लाख रुपए का सट्टा खेला गया था। हमने कभी सोचा भी नहीं था कि भारत और पाक टीमें सेमी में पहुंच पाएंगी। इन दोनों ही टीमों ने सट्टा बाजार को सदमे में ला दिया है और दो दशक में इतना बड़ा घाटा बाजार को कभी नहीं उठाना पड़ा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: