Spotlight
Twenty20 Worldcup2007 Twenty20 Worldcup2007 केपटाउन. विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर ट्वेंटी-20 वर्ल्डकप में आक्रामक खेल दिखाने वाली पाक टीम शनिवार को पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ
भी अपना दबदबा कायम रखना चाहेगी। पूरे टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया है, हालांकि उसे चिरप्रतिद्वंद्वी भारत से बॉल आउट में शिकस्त मिली थी, लेकिन उसके बाद उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
उधर कीवी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत व द. अफ्रीका के बीच मैच का इंतजार करना पड़ा। सुपर-8 के आखिरी मैच में उसे द. अफ्रीका ने हराया था, लेकिन बेहतर रन औसत के आधार पर उसे सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया।
इस टूर्नामेंट में हालांकि पाकिस्तान का शीर्ष बल्लेबाजी क्रम फ्लॉप रहा है, लेकिन मध्यम क्रम में कप्तान शोएब मलिक व मिस्बाह-उल-हक ने अपनी क्षमता का लोहा मनवाया है। गेंदबाजी में भी पाक का पलड़ा भारी नजर आता है, लेकिन स्पिनरों की अनदेखी नहीं की जा सकती। पाकिस्तान की ओर से स्पिन गेंदबाजी की कमान शाहिद आफरीदी ने संभाल रखी है, वहीं न्यूजीलैंड के कप्तान डेनिएल वेटोरी ने अपनी फिरकी से सभी को परेशान कर रखा है।
कोहनी में चोट के कारण पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मुहम्मद आसिफ का खेलना मुश्किल है। आसिफ के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सुपर-8 मैच से पहले नेट अभ्यास के दौरान चोट लग गई थी तथा वे तब से ही दर्द से परेशान हैं।
टीमें : पाकिस्तान - शोएब मलिक (कप्तान), इमरान नजीर, शाहिद आफरीदी, मुहम्मद हाफीज, सलमान बट, यूनुस खान, मिस्बाह, कामरान अकमाल, आसिफ, उमर गुल व सोहैल तनवीर ।
न्यूजीलैंड - डेनिएल वेटोरी (कप्तान), लोउ विंसेंट, ब्रेंडन मैकुलम, पीटर फुल्टन, रॉस टेलर, स्कॉट स्टायरिस, मैकमिलन, ओराम, बांड, गिलेस्पी व पटेल।