Spotlight
Twenty20 Worldcup2007 Twenty20 Worldcup2007
जोहानिसबर्ग:भारत ने तमाम भविष्यवाणियों और आकलनों को ताक में रखते हुए एक बेहद रोमांचक मैच में पाकिस्तान को 5 रनों से हराकर पहला ट्वंटी20 विश्वकप जीत लिया है। पाक को जीत के लिए 158 रन बनाने थे, लेकिन इरफान और आरपी की सधी हुई गेंदबाजी के दम पर वह 154 रन ही बना सका। हालांकि हरभजन और श्रीसंथ के दो ओवरों में पाक ने जोरदार बल्लेबाजी कर मैच में जीत के आसार बनाए थे, लेकिन अंतिम क्षणों में बाजी भारत के हाथ ही लगी। मिसबाह उल हक 43 रन बनाकर आउट होने वाले अंतिम पाक बल्लेबाज रहे। उन्हें जोगिंदर ने अपनी तीसरी गेंद पर उन्हें श्रीसंथ के हाथों कैच करवा दिया। इससे पहले की गेंद पर छक्का लगाकर मिसबाह पाक को मैच में लौटा ही दिया था। इरफान को फाइनल मैच का मैन ऑफ द मैच और पाकिस्तान के शाहिद आफरीदी को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
गौतम गंभीर के शानदार 75 रनों की मदद से भारत ने पाकिस्तान को ट्वंटी20 विश्वकप जीतने के लिए 158 रनों का लक्ष्य दिया। पाक के उमर गुल ने निर्णायक ओवरों में डेंजरमैन युवराज और धोनी को सस्ते में आउट कर भारत की बड़े स्कोर की संभावनाओं पर ब्रेक लगा दिया था। अंतिम ओवरों में रोहित शर्मा ने भी अच्छी बल्लेबाजी कर भारत का स्कोर 150 के पार पहुंचाने में मदद की।
इससे पहले भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने टॉस जीतने का सिलसिला बरकरार रखते हुए पहले बल्लेबाजी का ही निर्णय लिया। वीरेंद्र सहवाग के फिट न होने पर भारत ने इस मैच में यूसुफ पठान को गंभीर के साथ ओपनिंग करने भेजा। दोनों के बीच 2.4 ओवरों में 25 रन की भागीदारी हुई। इसी ओवर में भारत न यूसुफ पठान(15) का विकेट खोया। भारत को इसके कुछ देर बाद एक और झटका लगा, राबिन उथप्पा(8) तनवीर की गेंद पर आफरीदी को कैच दे बैठे। युवराज से इस अहम मैच में धुआंधार बल्लेबाजी की उम्मीदें पूरी नहीं हुई। वे शुरुआत से ही सधी पाक गेंदबाजी के सामने लड़खड़ाते दिखे। दूसरी ओर गंभीर ने जोरदार बल्लेबाजी करते हुए स्पर्धा का अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 63 रन की भागीदारी हुई, लेकिन इसमें युवी का योगदान आश्चर्यजनक ढंग से सिर्फ 14 रन था। वे पूरी लय में गेंदबाजी कर रहे उमर गुल की गेंद पर उन्हें ही कैच दे बैठे। अपनी 14 रनों की पारी के लिए उन्होंने 19 गेंदें खेलीं। उनके बाद खेलने आए धोनी ने भी निराश किया। वे 10 गेंदों 6 रन ही बनाकर गुल का शिकार बने। अंतिम ओवरों में रोहित शर्मा ने 16 गेंदों 30 रन बनाकर अविजित रहे। भारत ने अंतिम दो ओवरों में 27 रन बनाए और अपना स्कोर 157 तक पहुंचा दिया। पाकिस्तान की ओर से उमर गुल ने 3 विकेट लिए।
*फॊटॊ गैलरी