Spotlight
Year End 2007 Year End 2007 मुंबई.
वर्ष 2008 में शेयर बाजार का कारोबार बेहतर रहेगा और निवेशकों को 25 फीसदी तक का रिटर्न मिल सकता है। इसके साथ ही सेंसेक्स 25 हजार के आंकड़े की नई ऊंचाई को छू सकता है। यह कहना है शेयर बाजार के विशेषज्ञ एसपी तुलसियान का। भास्कर डॉट कॉम संवाददाता नीरज कुमार के साथ बातचीत में तुलसियान ने कहा कि वर्ष 2007 शेयर मार्केट के हिसाब से काफी अच्छा रहा। तकरीबन 45 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। सेंसेक्स का 20 हजार और निफ्टी का 6 हजार के स्तर को छूना काफी महत्वपूर्ण रहा। इसके साथ ही कोर सेक्टर जैसे पावर, एयरपोर्ट आदि को वैल्यूएशन दिया जाना काफी महत्वपूर्ण रहा। कोर सेक्टर को वैल्युएशन देना बाजार के लिए काफी सकारात्मक रहा। इससे प्रोमोटरों का उत्साह बढ़ा और इससे वे खर्च करने के लिए अधिक से अधिक राशि की उगाही कर सकेंगे।
तुलसियान का कहना है कि भारत और अमेरिका के बीच हुई परमाणु संधि पर अनिश्चितता का रुख और मध्यावधि चुनाव की संभावनाओं के कारण शॉर्ट टर्म के लिए माहौल बिगड़ा। इसके अलावा और कोई खास मेजर निगेटिव इस साल देखने को नहीं मिला।
वहीं शॉर्ट सेलिंग की अनुमति के संदर्भ में पूछे गए एक सवाल के जवाब में तुलसियान ने कहा कि इसकी काफी दिनों से चर्चा थी। अनुमति दी गई है लेकिन यह कब से और किस रूप में चालू होगा इसका फैसला अभी नहीं हो सका है। लेंडिंग और बौरो में सहूलियत होगी। यह बाजार के लिए काफी हेल्दी है। इससे प्रॉपर प्राइस रिकवरी में मदद मिलेगी।
तुलसियान का मानना है कि अगले दो साल में भारतीय अर्थव्यवस्था में मंदी के आसार नहीं हैं। जीडीपी साढ़े आठ से नौ फीसदी के नीचे जाने के कोई आसार नहीं हैं। निवेशकों को सलाह देते हुए तुलसियान का कहना है कि निवेशकों को चाहिए कि वे क्वालिटी स्टॉक में रहें । प्रोजेक्ट और प्रमोटरों को देखते हुए निवेश करें। निवेश का दायरा बढ़ाएं और दीर्घकालीन निवेश पर ध्यान केंद्रित करें।