Web Vishesh
Himachal Vidhansabha Chunav Himachal Vidhansabha Chunav शिमला. चुनावी सरगर्मियों के चलते मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निजी आवास हॉली लॉज में इन दिनों भारी तादात में लोगों का आना जारी है। बुधवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हॉली लॉज से सुबह ही कूच कर गए, ऐसे में मुख्यमंत्री की पत्नी एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने लोगों को अटेंड किया। पार्टी टिकट के लिए आवेदन करने वाले और अपने नेता के लिए टिकट की मांग लेकर कई लोग यहां पहुंचे। सुबह 10.30 बजे से यहां लोगों का जमावड़ा लगा रहा। यहां कांग्रेसियों की भीड़ दोहपर साढ़े 12 बजे तक रही। यहां रोहडू, रामपुर, चौपाल, अर्की और सोलन से लोग आए थे।
नेता अपने समर्थकों को लेकर यहां मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलने पहुंचे थे, लेकिन मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे स्व.इन्दिरा गांधी की पुण्यतिथि के चलते रिज पर चले गए। हॉली लॉज पहुंचने वालों को इसकी जानकारी नहीं थी। प्रतिभा सिंह उपलब्ध थीं तो इस बहाने कांग्रेसियों ने उनसे ही मुलाकात की। उनसे मिलकर अलग-अलग जगहों से आए लोगों ने पार्टी टिकट के लिए अपनी दावेदारी जताई।
सचिवालय में भी तांता
सचिवालय में दोपहर बाद कांग्रेस समर्थकों की खासी भीड़ जुटी। लोग मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलने यहां पहुंचे। शाम तक आगंतुकों का आना यहां जारी था। चुनाव में टिकट की इच्छा रखने वाले लोगों ने अपने दावे जताए। मंगलवार को कांग्रेस पार्टी की टिकट के लिए आवेदन करने का अंतिम दिन था। अब नेता पार्टी के आला नेताओं की शरण में है।
टिकट न मिला तो निर्दलीय लड़ेंगे
ठियोग. चियोग के देवठीघाट जिला परिषद वार्ड के कार्यकर्ताओं की बैठक में स्थानीय विधायक राकेश वर्मा ने कहा कि यदि उन्हें कांग्रेस का टिकट नहीं मिला तो वे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस टिकट के लिए आवेदन कर चुके राकेश वर्मा ने कहा कि उन्हें टिकट मिलने की पूरी उम्मीद है।
उन्होंने डिलीमिटेशन का मुद्दा उठाते हुए मंडल कांग्रेस पर ठियोग के विभाजन बारे कोई आपत्ति दर्ज न करवाए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि डिलीमिटेशन के तहत ठियोग के विभाजन को रोकने के लिए प्रयास किए गए, लेकिन विरोधियों के दबाव के चलते कुछ न हो सका। वर्मा ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर टिकट आवंटन के दौरान पर सहानूभति रखने भरोसा जताया।
इस बैठक में ग्राम पंचायत क्यारटू, बड़ोग, भराड़ा, चिखड़, शटैंया, ददास, धमांदरी आदि 9 पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और 6 बीडीसी सदस्य शामिल हुए। चियोग पंचायत के पूर्व प्रधान शिवराम, पंचायत समिति अध्यक्ष रामानंद, पूर्व सदस्य ब्रह्मनंद शर्मा और शांतादेवी, विशेष समुदाय संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र, उमेदराम ने विधायक के समर्थन का ऐलान करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र में विकास कार्र्यो में तेजी आई है।
इन लोगों ने डिलीमिटेशन के प्रस्तावों में चियोग, बणी, शटैंया आदि पंचायतों को कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में शामिल करने के लिए वर्मा विरोधियों को दोषी ठहराया। विधायक के मीडिया प्रभारी अश्वनी बक्शी ने बताया कि बैठक में सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि 16 नवंबर को विधायक समर्थक ठियोग में एक सम्मेलन करेंगे और आगमी रणनीति तैयार करेंगे। इस अवसर पर नगर परिषद ठियोग के उपाध्यक्ष संजय शर्मा और अन्य पार्षदों ने भी अपने विचार रखे।