Web Vishesh
Himachal Vidhansabha Chunav Himachal Vidhansabha Chunav फतेहपुर .
जिला कांगड़ा से जिस पार्टी के अधिक विधायक विजयश्री हासिल करेंगे, वही पार्टी शिमला में सरकार बनाएगी। हिमाचल व गुजरात के विस चुनावों के परिणाम दिल्ली की राजनीति में भी अपना असर दिखाएंगे। यह बात भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शांता कुमार ने सोमवार को देहरी में पूर्व मंत्री राजन सुशांत के निवास पर आयोजित कार्यकर्ता बैठक में कही।
प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है, जिसे हम वोट के रूप में तभी इस्तेमाल कर सकते हैं, जब हम घर-घर जाकर भाजपा व कांग्रेस कार्यकाल के विकास के अंतर से जनता को अवगत करवा सकें। शांता ने कहा कि दिल्ली के विस चुनावों में हवा भाजपा के पक्ष में थी और हम भी हवा में रहे, जिसके चलते परिणाम हमारी सोच के अनुकूल नहीं हुए।
आज जनता को महंगाई इसलिए चुभ रही है, क्योंकि जनता को भाजपा का शासनकाल याद आता है। जब भाजपा ने अंतोदय अन्नपूर्णा जैसी योजनाएं चलाकर जनता को सस्ता राशन मुहैया करवाया, वहीं 25 देशंो को अनाज बेचा, लेकिन फिर भी भंडार अनाज से भरे रहे।
आज सरकार ने 50 लाख टन अनाज विदेशों से 1685 रुपए क्विंटल के हिसाब से मंगवाया, जबकि अपने किसानों को वही गेहूं 850 रुपए के हिसाब से खरीदी और हालात यह बन गए कि भारत के 10 हजार किसानों को खुदकुशी करनी पड़ी।
महंगाई के पीछे भ्रष्टाचार का हाथ है और भ्रष्टाचार कांग्रेस की देन है। आज चुनाव के लिए भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई तो मुद्दा है, पर सबसे बड़ा मुद्दा है भ्रष्ट मुख्यमंत्री जो कि सीडी कांड में साबित हो गया है। शांता ने कहा कि हवा पूरी तरह से हमारे हक हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं को हवा में न रहकर इस हवा को जीत में बदलकर शिमला तक पहुंचाना है और शिमला से दिल्ली तक पहुंचाएगा। इस अवसर पर ज्वाली से पूर्व मंत्री राजन सुशांत, गंगथ से पूर्व विधायक देशराज और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।