Web Vishesh
Himachal Vidhansabha Chunav Himachal Vidhansabha Chunav शिमला
प्रदेश में चुनावी सरगर्मी के बीच शादी का सीजन भी चरम पर होगा। नवंबर के दूसरे पखवाड़े से लेकर दिसंबर के पहले सप्ताह तक एक अनुमान के मुताबिक दो हजार से अधिक शादियां होंगी। हर मौके का फायदा उठाने की जुगत में रहने वाले नेताओं ने शादी के सीजन को भी कैश करने की सोची है।
इस दौरान जहां नेता इन शादियों में शामिल होंगे, वहीं उन्हें प्रचार का भी मौका मिल जाएगा। यानी उन्हें जनसभाओं के लिए भीड़ जुटाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। यानी नेताओं को बैठे-बिठाए वोटरों की छोटी-मोटी सभा मिल जाएगी। शादी की मुबारकबाद के साथ-साथ वोट मांगने का इंतजाम हो जाएगा।
शादी के पांच अच्छे मुहूर्त
प्रख्यात पंडित हेतराम शर्मा के मुताबिक अभी सूर्य तुला राशि में है। यह शादियों का योग बनाता है। नवंबर से लेकर दिसंबर के पहले हफ्ते के अंतराल में शादियों के पांच अच्छे मुहूर्त हैं। ग्रामीण इलाकों में तो शादी-ब्याह के मौके पर इतने लोग जुटते हैं कि एक जनसभा हो जाए। भाजपा हो या कांग्रेस या फिर अन्य दल, सभी शादी को प्रचार की मुहिम से जोड़ रहे हैं।
अच्छा बहाना है
भाजपा के प्रदेश मीडिया संयोजक डॉ. अशोक कपाहटिया के मुताबिक इससे राजनीतिक दलों को लाभ होगा। शादी में सभी के पास इतना समय तो होता ही है कि राजनीति पर चर्चा कर लें। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष विप्लव ठाकुर का मानना है कि शादी के मौके पर वोटरों के मन की थाह मिल जाती है और रूठों को भी मनाने का बहाना मिल जाता है।