Web Vishesh
Himachal Vidhansabha Chunav Himachal Vidhansabha Chunav कुल्लू .
लाहौल स्पीति सीट से भाजपा उम्मीदवार पूर्व मंत्री रामलाल मारकंडेय पर एक महिला ने घर में घुसकर कपड़े फाड़ने और छेड़छाड़ करने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस को आपबीती सुनाते हुए महिला ने न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। केलांग के एसपी केके इंदौरिया ने आरोपों की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी (मुख्यालय) हीरालाल को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
उधर, मारकंडेय ने महिला के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस की साजिश कहा है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया है कि वह जब तिंदी गांव पहुंचे तो महिलाएं शराब के नशे में थी। उन्होंने अभद्रता भी की। उदयपुर के एसएचओ दीवानचंद का कहना है कि डीएसपी हीरालाल जांच के लिए मौके पर गए हुए हैं। उनके लौटने के बाद ही दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज होगा।
रात 10 बजे :
भाजपा-हिमाचल विकास कांग्रेस पार्टी गठबंधन सरकार के पशुपालन एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री रामलाल मारकंडेय पर यह इल्जाम उदयपुर थानांतर्गत तिंदी गांव की विमला देवी (27) ने लगाए हैं। वह विवाहित है। महिला ने पुलिस को बताया कि रविवार रात वह घर पर सो रही थी। रात करीब 10 बजे मारकंडेय उसके घर आए। उसके कपड़े फाड़ डाले। छेड़छाड़ की कोशिश की। इस घटना से वह डरी हुई है। तिंगी गांव उदयपुर से 15 किलोमीटर दूर है।
सुबह मचा शोर :
सुबह होते ही इस घटना की चर्चा होने लगी। महिला और उसके साथ कुछ लोग उदयपुर थाने पहुंचे। वहां महिला ने आपबीती सुनाते हुए शिकायत दी।मारकंडेय के मुकाबले में खड़े कांग्रेस उम्मीदवार फूलचंद राय, विधायक रघुवीर ठाकुर और प्रदेश कांग्रेस के सचिव रवि ठाकुर ने आरोप लगाया है कि मारकंडेय पर पहले भी ऐसे आरोप लग चुके हैं।
उन्हें अपनी हार नजर आने लगी है। इसलिए वह वोटरों धमका रहे हैं।डीएसपी मौके पर : एसएचओ दीवान चंद ने सोमवार शाम बताया कि जांच अधिकारी डीएसपी हीरालाल तिंगी गांव से अभी लौटे नहीं हैं। उनके लौटने के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
कौन हैं मारकंडेय: रामलाल मारकंडेय उदयपुर के रहने वाले हैं। वह एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वह पूर्व केंद्रीय संचार मंत्री सुखराम की ‘हिमाचल विकास कांग्रेस’ पार्टी से 1998 में चुनाव लड़े। चुनाव जीतने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल के नेतृत्व में बनी गठबंधन सरकार में पशुपालन एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री बने। सुखराम की पार्टी के कांग्रेस में विलय के बाद वर्ष 2003 में वे स्वतंत्र उम्मीदवार की हैसियत से चुनाव लड़े। इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वह डेढ़ साल पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे। उनके चरित्र पर ऐसा लांछन पहली बार सामने आया है।
कांग्रेस का षड्यंत्र: मारकंडेय महिला के आरोपों से आहत भाजपा उम्मीदवार मारकंडेय का कहना है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने के लिए कुछ कांग्रेसियों ने साजिश रची है। वह जब तिंदी पहुंचे तो कुछ महिलाएं शराब के नशे में दिखीं। शराबी महिलाओं ने उनकी गाड़ी पर पथराव भी किया।