Web Vishesh
Himachal Vidhansabha Chunav Himachal Vidhansabha Chunav नई दिल्ली.
महीने भर के गहन विचार मंथन के बाद भाजपा ने आखिरकार हिमाचल विधानसभा के चुनाव में प्रेम कुमार धूमल को अपना मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित कर दिया है। राज्य भाजपा के दूसरे बड़े दिग्गज शांता कुमार केंद्र की राजनीति करेंगे।
इसका फैसला सोमवार सुबह भाजपा मुख्यालय में हुई पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक में लिया गया। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सवा घंटे चली बैठक में यह फैसला हुआ। फैसले से पहले बोर्ड के सदस्यों ने हिमाचल चुनाव में नेतृत्व के सवाल पर पार्टी प्रभारी सतपाल जैन, सह प्रभारी ओमप्रकाश धनखड़, क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोहर लाल खट्टर, संगठन मंत्री राम लाल के अलावा शांता व धूमल से अलग-अलग उनकी राय जानी। सबकी राय लेने के बाद बोर्ड ने दोनों नेताओं के सकारात्मक एवं नकारात्मक पहलुओं पर विचार के बाद धूमल के पक्ष में फैसला दिया।
बाद में खुद राजनाथ सिंह ने हिमाचल विस चुनाव धूमल की अगुआई में लड़ने, शांता के केंद्रीय राजनीति में बने रहने की औपचारिक घोषणा की। भाजपा नेतृत्व में यह मानने वालों की संख्या अब भी कम नहीं है कि हिमाचल में दोनों दिग्गजों को चुनाव से दूर रखकर बिना नेता घोषित किए पार्टी को ज्यादा सीटें मिलतीं।
दूसरे खेमे का कहना है कि प्रदेश के राजनीतिक हालात को देखते हुए भाजपा चुनाव से पहले नेता की घोषणा करने का खतरा उठा सकती है। प्रदेश कांग्रेस द्वारा बार-बार गुजरात की तर्ज पर हिमाचल में मुख्यमंत्री का दावेदार घोषित करने की मांग के बाद ही भाजपा नेतृत्व ने चुनाव से पहले धूमल को नेता घोषित करने का फैसला किया।
गले मिले और शांता से लिया आशीर्वाद : राजनाथ की मौजूदगी में शांता कुमार और धूमल बाकायदा मीडिया के सामने गले मिले और धूमल ने शांता से आशीर्वाद भी लिया। शांता कुमार ने भरोसा दिलाया कि वे पार्टी नेतृत्व के फैसले के साथ हैं, चुनाव में उनका हर संभव सहयोग रहेगा। हिमाचल में चुनाव से पहले नेता घोषित करने के सवाल पर केंद्रीय नेता ज्यादा कुछ नहीं कह रहे लेकिन सूत्रों की मानें तो पार्टी नेतृत्व ने इस मसले पर गहन मंथन के बाद ही यह फैसला किया। हालांकि चुनाव के बाद पार्टी के सत्ता में आने की स्थिति में धूमल के नेतृत्व को लेकर कोई संदेह नहीं था लेकिन पार्टी इसकी घोषणा के बारे में अब तक फूंक-फूंक कर कदम रख रही थी।
भाजपा के बाकी बचे प्रत्याशियों का ऐलान भाजपा ने शेष आठ सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। केंद्रीय चुनाव समिति ने इन सीटों पर प्रत्याशियों के चयन का काम राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह पर छोड़ दिया था। बमसन से प्रेम कुमार धूमल, पालमपुर से प्रवीण शर्मा, चिंतपूर्णी से नरेंद्र शर्मा, शिमला से सुरेश भारद्वाज, रोहड़ू से खुशीराम बालनाटा, नादौन से विजय अगिAहोत्री, करसोग से मंसाराम और मंडी से प्रवीण शर्मा चुनाव मैदान में उतरेंगे।