Web Vishesh
Himachal Vidhansabha Chunav Himachal Vidhansabha Chunav कुल्लू. कुल्लू की जनता को जिला के भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में वोट डालने और भाजपा की सरकार बनाने की पैरवी करने आए भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने जैसे ही ढालपुर मैदान में उमड़े हुए जनसमूह में महिलाओं के हुजुम देखा तो वे गद्गद हो उठे।
अपने भाषण के शुरू में ही उन्होंने महिलाओं के बारे में बोलते हुए कहा कि देशभर के कोने-कोने में मैंने भ्रमण किया लेकिन मैं देखता हूं कि पहाड़ी क्षेत्र में जितनी संख्या में महिलाएं अपनी उपस्थित दर्ज करवाती है उतनी संख्या महिलाओं की मैदानी भागों में नहीं होती।
कुछ इसी तरह का माहौल ढालपुर मैदान में आडवानी की जनसभा में बना हुआ था। जिला के दूर-दराज से आई महिलाओं ने भी अपनी विशेष भूमिका निभाई। अपने लोकप्रिय राष्ट्रीय नेता की बाट जोहते-जोहते भी महिलाओं ने भाजपा के फेवर में नारेबाजी करते हुए सियासी चौखट में सभी का ध्यान बटोरा और आडवाणी का ध्यान आकर्षित होना भी स्वाभाविक था। महिलाओं के लिए बनाई गई गैलरी जिस तरह से भरी हुई थी उससे साफ झलक रहा है कि कुल्लू की महिलाओं ने अब राजनीति में रूचि लेनी शुरू कर दी है।
हालांकि कुल्लू की राजनीति में महिलाओं को टिकट से महरूम रखा गया है लेकिन इसके बावजूद भी बंजार विधानसभा क्षेत्र से रामेश्वरी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरी है। इसी तरह का माहौल इन दिनों कुल्लू की राजनीति में देखने को मिल रहा है। महिलाओं का कुनवा पार्टी प्रत्याशियों के साथ जिस तरह से वोटरों को अपने खेमे में मिलाने की जोड़-तोड़ कर रही है उससे तो साफ झलकता है कि जिला की राजनीति में महिलाएं भी पीछे नहीं है।