Web Vishesh
Himachal Vidhansabha Chunav Himachal Vidhansabha Chunav ऊना. गुजरात के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव अभियान में जुट गईं और यहां उन्होंने भाजपा पर धर्म के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाया।
एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सोनिया ने भाजपा पर सीधा निशाना साधा और कहा कि भगवा पार्टी से कांग्रेस का विरोध सैद्धांतिक रूप से है। जिस आधार को लेकर भाजपा चलती है, कांग्रेस उसी के खिलाफ है।
सोनिया ने कहा कि कांग्रेस का मकसद हमेशा समाज की एकता रहा है लेकिन भाजपा इससे उलट धर्म के नाम पर समाज में दूरियां पैदा करती रही है। हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, राज्य कांग्रेस अध्यक्ष विप्लव ठाकुर और ऊना से कांग्रेस प्रत्याशी की मौजूदगी में इस सभा में सोनिया ने कहा कि भाजपा की राजनीति एक संप्रदाय को दूसरे के खिलाफ करने की रही है।
सोनिया ने देश और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस द्वारा किए गए विकास कार्यो के नाम पर अपने प्रत्याशी के लिए वोट की अपील की। साथ ही, सोनिया ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने ही देश को इस ऊंचाई पहुंचाया है और लोगों को भाजपा के बहकावे में नहीं आना चाहिए।