Web Vishesh
Indo Pak Cricket Series 2007 Indo Pak Cricket Series 2007
इस्लामाबाद: इंडियन क्रिकेट लीग(आईसीएल) ने अपना करार तोड़ने वाले पाक बल्लेबाज मो. यूसुफ को कोर्ट में घसीटा है। इस मामले की सुनवाई 20 नवंबर को होनी है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड(पीसीबी) यूसुफ की हरसंभव मदद करेगा।
जयपुर में ‘द न्यूज’ के हवाले से पाक क्रिकेट टीम के मीडिया प्रबंधक हसन हमीद मलिक ने कहा है, “यूसुफ को इस कानूनी प्रक्रिया से परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि हम लोग उनकी तरफ से यह कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।” हमीद मलिक ‘पीसीबी’ के विपणन निदेशक भी हैं।
यूसुफ के आईसीएल छोड़ने का फैसला लेने की वजह से आईसीएल के आयोजक नाराज हो गए हैं और उन्होंने यूसुफ को कानूनी कार्रवाई की धमकी दी थी। इस धमकी के अगले ही दिन यूसुफ को कानूनी नोटिस भी भेजा गया था।
एस्सेल ग्रुप के कार्यकारी अध्यक्ष आशीष कौल ने कहा, ‘‘हम उन्हें एक गलत उदाहरण पेश करने की इजाजत नहीं दे सकते।’’
हालांकि पाक कप्तान शोएब मलिक ने आईसीएल की ओर से जारी किए गए बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा, “पीसीबी यह सुनिश्चित करेगी कि यूसुफ को इस टेस्ट सीरीज के दौरान किसी भी तरह की कठिनाई न हो। वे हमारी टीम के एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी है और हम नहीं चाहेंगे कि उनका ध्यान कहीं और भटके।”