Web Vishesh
Indo Pak Cricket Series 2007 Indo Pak Cricket Series 2007
कोलकाता: कप्तान सहित कई प्रमुख खिलाड़ियों के घायल होने के कारण पाकिस्तान के सामने 28 साल बाद टेस्ट सिरीज गंवाने का खतरा मंडरा रहा है। पाक टीम को आखिरी बार 1979-80 में सुनील गावस्कर की टीम ने अपनी ही धरती में 2-0 से मात दी थी।
पाक टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज शोएब अख्तर को बीती रात सीने में संक्रमण हो जाने के कारण अस्पताल ले जाया गया। उनका कोलकाता में खेले जाने वाले टेस्ट मैच में खेल पाना संदिग्ध है। खुद कप्तान शोएब मलिक घुटने की चोट से उबर रहे हैं। इसके साथ ही उमर गुल तो पहले से ही कमर दर्द के कारण टेस्ट सिरीज नहीं खेल पाए है, तो कोटला में खेले गए पहले टेस्ट मैच में सबसे जोरदार बल्लेबाजी करने वाले मिसबाह उल हक गले में संक्रमण से परेशान हैं।
पाक टीम के मैनेजर एहसान मलिक ने कहा कि वे यही उम्मीद कर सकते हैं कि शोएब अपना फिटनेस हासिल करके दूसरा टेस्ट मैच खेलें। अच्छी बात यह है कि मलिक की चोट गंभीर नहीं है। गुल भी अब बेहतर महसूस कर रहे हैं। वे नेट पर गेंटबाजी प्रारंभ कर सकते हैं।
पहले टेस्ट मैच में छह विकेट लेने वाले अख्तर मेहमान टीम के सबसे प्रभावशाली गेंदबाज साबित हुए हैं। वे 1999 में कोलकाता में ही लगातार दो गेंदों पर सचिन तेंडुलकर और राहुल द्रविड़ को बोल्ड कर क्रिकेट जगत में छा गए थे।