Web Vishesh
Indo Pak Cricket Series 2007 Indo Pak Cricket Series 2007
कोलकाता:पाकिस्तान के विरुद्ध कोटला में शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारतीय टेस्ट कप्तान अनिल कुंबले आईसीसी की टेस्ट गेंदबाजों की ताजा रैंकिंग में दो पायदान की बढ़त के साथ पांचवें नंबर पर आ गए हैं। टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में तीन साल बाद पहली बार वीवीएस लक्ष्मण टॉप ट्वेंटी में शामिल हुए हैं।
कुंबले बतौर कप्तान पहले टेस्ट मैच में दिल्ली के कोटला मैदान में शानदार गेंदबाजी (7/106) की थी, जिसकी बदौलत भारत 6 विकेट से पहला टेस्ट जीतने के साथ ही मेहमान टीम से सीरीज में 1-0 से आगे हो गया है। टेस्ट आलराउंडरों की सूची में इरफान पठान आठवें नंबर पर हैं।
पहले टेस्ट मैच नाबाद 72 रन की पारी खेलने वाले लक्ष्मण ने दो पायदान की प्रगति के साथ बल्लेबाजों की रैंकिंग में अक्टूबर 2004 के बाद से पहली बार टॉप ट्वेंटी में कदम रखे हैं। वे 20 वें नंबर पर आ गए हैं।
अन्य भारतीय बल्लेबाजों में वसीम जाफर दो पायदान चढ़कर 40वें और उपकप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी दो स्थानों की बढ़त के साथ 41वें नंबर पर है। इस सूची में सबसे ऊपर पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ 11वें स्थान पर हैं। सचिन तेंडुलकर 18वें और सौरव गांगुली 28वें नंबर पर हैं। द्रविड़, सचिन और सौरव की रैंकिंग में गिरावट आई है। पाकिस्तान के मोहम्मद यूसूफ चौथे नंबर पर बरकरार हैं, लेकिन उनके पाइंट में 17 अंकों की गिरावट हुई है।