Web Vishesh
India tour of Australia 07-08 India tour of Australia 07-08 सिडनी.विवादास्पद अंपायर स्टीव बकनर का भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच में ‘अंपायरिंग’ करना अब संभव नहीं लग रहा है। सिडनी टेस्ट में मार्क बेंसन के साथ ही स्टीव बकनर ने जिस तरह से एक के बाद एक ‘गलत’ निर्णय दिए और इस पर भारतीय खिलाड़ियों सहित टीम मैनेजमेंट, बीसीसीआई ने कड़ा रुख अख्तियार किया है, उससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि उन्हें हटाना ही एकमात्र रस्ता है। पर्थ में तीसरा टेस्ट 16 जनवरी से शुरू होगा।
गौरतलब है कि बीसीसीआई के विरोध करने पर आईसीसी के लिए संभव नहीं होगा कि वह बकनर को भारत के विरुद्ध मैचों में अंपायर नियुक्त करे। टीम इंडिया के मैनेजर चेतन चौहान ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त कर मंशा साफ जाहिर कर दी है। कप्तान अनिल कुंबले ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में जिस व्यंग्यात्मक लहजे में बिना नाम लिए सब कुछ कह दिया, उससे भी यह संकेत मिलता है।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी कहा है कि बोर्ड अध्यक्ष शरद पावर ने टीम मैनेजमेंट को आईसीसी को लिखने के लिए कहा है। आईसीसी को भेजी जाने वाली रिपोर्ट की भाषा अंपायरों के गलत निर्णय के खिलाफ सख्त रहने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।