Dainik Bhaskar
Sep 13, 2019, 08:35 AM ISTकिरण जैन/ टीवी डेस्क. एक्ट्रेस रवीना टंडन डांसिंग रियलिटी शो 'नच बलिए 9' में बतौर जज नजर आ रही हैं। एक लेटेस्ट एपिसोड की शूटिंग के दौरान शो के होस्ट मनीष पॉल से उनकी बहस हो गई, जिसके बाद वे इस कदर नाराज हुईं कि माइक फेंककर सेट से बाहर चली गईं और अपनी वैनिटी वैन में जाकर बैठ गईं। बताया जाता है कि घटना के बाद शूटिंग करीब एक घंटे तक रुकी रही।
मनीष की हरकतें देख आया गुस्सा
-
सेट से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया, "रवीना ईयरफोन लगाए हुए थीं, जिससे उन्हें कंट्रोल रूम से इंस्ट्रक्शंस मिल रहे थे कि उन्हें प्रतियोगी श्रद्धा आर्य और उनके पार्टनर आलम मक्कर से क्या सवाल पूछने हैं? इसी दौरान उन्हें मनीष कुछ अजीबोगरीब हरकतें करते दिखे। रवीना को लगा कि वे उन्हें चिढ़ा रहे हैं। जबकि हकीकत में ऐसा नहीं था। जैसे ही कैमरा बंद हुआ, रवीना ने मनीष को खूब खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने उन्हें साफ लहजे में कहा कि वे इस तरह की हरकतें न करें, खासकर तब, जब वे अपनी बात रख रही हों।"
-
मनीष के जवाब से रवीना का गुस्सा और बढ़ा
सूत्र आगे बताते हैं, "रवीना की बातें सुनकर मनीष हैरान थे। उन्होंने एक्ट्रेस पलटकर जवाब दिया कि वे अपना काम कर रहे हैं और उन्हें अपना काम करना चाहिए। उन्होंने बातों-बातों में एक्ट्रेस से यह तक कह डाला कि वे वही करते हैं, जो उन्हें बोला जाता है और किसी को उसमें दखल देने की जरूरत नहीं है। मनीष की ये बातें सुनकर रवीना का गुस्सा और बढ़ गया। वे अपना माइक पटककर तमतमाते हुए सेट से बाहर निकलीं और वैनिटी वैन में जाकर बैठ गईं। उन्होंने शूट करने से इनकार कर दिया।"
-
रवीना के बाद मनीष ने भी छोड़ा सेट
दूसरी ओर मनीष कुछ देर तक स्टेज पर रुके रहे। हालांकि, जब उन्होंने देखा कि रवीना सेट पर नहीं लौटीं तो वे भी वहां से चले गए। करीब एक घंटे तक शूटिंग रुकी रही। प्रोडक्शन हाउस के मेंबर्स ने दोनों को काफी मनाया, तब जाकर वे सेट पर लौटे और अपने हिस्से की शूटिंग पूरी की।"