पहल:लोकमानपुर में कोसी नदी पर पुल का निर्माण शुरू, 25 हजार लाेगाें काे हाेगा फायदा, शहर से सीधे जुड़ जाएंगे
- लोकमानपुर गांव से विजय घाट तक 456 मीटर लंबा और 8.4 मीटर चौड़ा पुल बनेगा, लोगों में खुशी
लोकमानपुर में कोसी नदी पर पक्का पुल का निर्माण शुरू हो गया है। राज्य पुल निर्माण निगम लोकमानपुर गांव से विजय घाट तक 44.47 करोड़ की लागत से 456 मीटर लंबा और 8.4 मीटर चौड़ा पुल बनाएगा। पुल के दोनों ओर एक-एक किलोमीटर का पहुंच पथ भी बनाया जाएगा।
इस पुल के बनने से पंचायत की 25 हजार की आबादी को फायदा होगा। अब तक लोग चचरी पुल के सहारे आवागमन करते थे। पुल के बनने से नवगछिया, मधेपुरा व भागलपुर से यह इलाका सीधे जुड़ जाएगा। इससे पंचायत के लोगों में काफी खुशी है। ग्रामीणों ने कहा कि पुल बनने से दियारा के खेतों में आने-जाने में सुविधा होगी। किसानों के खेतों में फसल लहलहाएगी।
अब मरीजाें काे अस्पताल पहुंचने में नहीं हाेगी दिक्कत
बाढ़ आने के बाद यहां के ग्रामीणों को अब तक साल के तीन महीने तक अपने घरों में कैद होकर रहना पड़ता था। बरसात में कोसी नदी उफान पर होती है। पूरा पंचायत टापू में तब्दील रहता है। ऐसे में आवागमन का एक मात्र साधन नौका भी साथ छोड़ देती है। बाढ़ से पहले लोग अपने घरों में जरूरी समान जुटा लेते हैं। अब आवागमन के लिए नाव व मांझी की राह नहीं देखनी पड़ेगी। आवागमन सही नहीं होने से मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते थे। कई मरीज तो अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देते थे।
पानी से घिरे हाेने के कारण पंचायत में रिश्ता करने से कतराते हैं लाेग
कोसी नदी पर पुल बनने का बाद लोकमानपुर पंचायत विकास की मुख्य धारा से जुड़ जाएगी। ग्रामीणों को घंटों नाव का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इलाके में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इतना ही नहीं गांव के बच्चे उच्च शिक्षा भी हासिल करेंगे। आवागमन का साधन नहीं होने के कारण गांव की बेटियां चाहकर भी उच्च शिक्षा से वंचित थीं। अब पुल निर्माण के बाद वे उच्च शिक्षा के लिए नवगछिया, भागलपुर आसानी से आ-जा सकेंगी। चारों ओर पानी से घिरे रहने के कारण पंचायत के कई युवक और युवतियों की शादी नहीं हो पाई है। लोग यहां रिश्ते करने से कतराते हैं। अब यह समस्या भी दूर होगी।