बूझे की नाही3 बार बेहोश किया, 2 बार भागी…फिर भी नहीं छोड़ा:बिहार से बंगाल गई बाघिन का गर्भपात, 3 भ्रूण खत्म; क्या जल्दबाजी में हुई लापरवाही
बिहार से पश्चिम बंगाल गई बाघिन का गर्भपात हो गया है। उसने अपने 3 भ्रूण खो दिए। बताया जा रहा है कि बाघिन बाड़े से दो बार भागी थी। उसे बेहोश करके वापस बक्सा टाइगर रिजर्व लाया गया। अब इस पूरे मामले की जांच नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) और भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) कर रही है।
बंगाल क्यों नहीं रहना चाहती बिहार की बाघिन, उसका गर्भपात कैसे हुआ, जब बाघिन गर्भवती थी तो उसे शिफ्ट क्यों किया गया? इन्हीं सवालों का जवाब जानेंगे; आज के एक्सप्लेनर बूझे की नाही में…।
सवाल-1ः आखिर बिहार से ही बंगाल क्यों भेजी गई बाघिन?
जवाबः 29 सितंबर की शाम बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में 3 साल की बाघिन (T138) को ट्रैंक्विलाइज (बेहोश) कर रेडियो कॉलर पहनाया गया और स्वास्थ्य जांच के बाद बाय रोड गोरखपुर एयरपोर्ट ले जाया गया।
30 सितंबर को वायु सेना के विशेष विमान से एयरलिफ्ट कर सुबह करीब 6:45 से 8:00 बजे के बीच बाघिन को पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व पहुंचाया गया। शुरुआत में उसे निगरानी के लिए एक सॉफ्ट-रिलीज एनक्लोजर में रखा गया।
2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव तथा पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की उपस्थिति में बाघिन को बक्सा टाइगर रिजर्व के बाड़े में छोड़ा गया।
इसके पीछे मकसद था बक्सा में बाघों की आबादी को फिर से बसाना। बक्सा टाइगर रिजर्व की स्थापना 1983 में हुई थी। लेकिन यहां कई सालों से बाघों की मौजूदगी नहीं थी।
2022 की अखिल भारतीय बाघ गणना में भी बक्सा उन पांच अभयारण्यों में शामिल था, जहां आधिकारिक तौर पर एक भी जंगली बाघ दर्ज नहीं किया गया था।
ऐसे में बक्सा में बाघों को फिर से बसाने की योजना बनाई गई। इसके लिए बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) से बाघिन को चुना गया।
क्योंकि…
- बक्सा टाइगर रिजर्व और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व का इकोसिस्टम यानी परिस्थिति एक जैसी है। बंगाल के बाघ हाथी और गैंडा जैसे बड़े शाकाहारी जानवरों के साथ रहते हैं। हिरण, नील गाय, भैंस और सुअर जैसे जानवरों का शिकार करते हैं।
- वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के बाघ भी इन्हीं जानवरों का शिकार करते हैं। यहां हाथी और गैंडा कम हैं, लेकिन बाघ इन्हें देखने के आदी हैं।
- ह्यूमन वाइल्डलाइफ कनफ्लिक्ट एक्सपर्ट अभिषेक बताते हैं, ‘वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के बाघ के लिए बक्सा टाइगर रिजर्व में रहना मुश्किल नहीं होगा।
- दोनों वन क्षेत्र हिमालय के तराई क्षेत्र में आते हैं। दोनों जगह एक ही प्रजाति बंगाल टाइगर के बाघ हैं। इसलिए कोई दिक्कत नहीं होगी।’
- NTCA के एक्सपर्ट्स का मानना है कि बक्सा के आसपास सर्दियों के दौरान भूटान और असम के मानस राष्ट्रीय उद्यान से मेल (नर) बाघ आते-जाते हैं।
- यहां फीमेल यानी मादा बाघ को लाकर बसाने से मेल बाघ आकर्षित होंगे, जिससे उनकी संख्या बढ़ेगी।
सवाल-2ः बिहार से गई बाघिन बार-बार क्यों भाग रही?
जवाबः बिहार से बंगाल गई T-138 बाघिन को 'डुआर्स रानी' कहा जाता है। वह अब तक 2 बार भाग चुकी है।
1. बंगाल आने के दूसरे दिन भागी, एक महीने बाद पकड़ी गई
2 अक्टूबर को औपचारिक रूप से बक्सा टाइगर रिजर्व में छोड़े जाने के महज दो दिन बाद 4 अक्टूबर के आसपास बाघिन बक्सा रिजर्व की सीमा पार कर गई।
वह संकोश नदी के प्राकृतिक गलियारे से होते हुए पड़ोसी राज्य असम के कोकराझार (रायमोना नेशनल पार्क के करीब) के जंगलों में चली गई थी।
रेडियो कॉलर के GPS सिग्नल की मदद से पश्चिम बंगाल और असम के वन विभाग की संयुक्त टीमों ने लगभग एक महीने तक उसकी लोकेशन ट्रैक की।
आखिरकार 3 नवंबर 2026 को असम के कोकराझार इलाके में वन विभाग की टीम ने उसे डार्ट मारकर ट्रैंक्विलाइज (बेहोश) किया और पिंजरे में बंद कर बाय रोड वापस बक्सा टाइगर रिजर्व लाया गया।
2. सुरंग खोदकर भाग गई बाघिन
3 नवंबर को वापस लाने के बाद उसे निगरानी के लिए 2.2 हेक्टेयर के सॉफ्ट-रिलीज बाड़े में रखा गया था। 8 नवंबर की रात या 9 नवंबर की सुबह वह बाड़े की बाड़ (फेंसिंग) की नींव के नीचे लगभग 2 से 2.5 फीट चौड़ी सुरंग खोदकर दोबारा बाहर निकल गई।
- रेडियो कॉलर की ट्रैकिंग से पता चला कि बाड़े से निकलने के बाद वह बक्सा के ही कोर जंगल क्षेत्र 25 माइल जंगल से 27 माइल जंगल की ओर बढ़ गई।
- दूसरी बार बाड़े से निकलने के बाद वन विभाग ने उसे दोबारा ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ने के बजाय जंगल में ही विचरण करने देने का फैसला किया।
- चूंकि वह बक्सा के ही घने और सुरक्षित वन क्षेत्र के अंदर है, इसलिए वन विभाग की टीमें रेडियो कॉलर, कैमरा ट्रैप और ड्रोन के जरिए दूर से ही उसकी गतिविधियों की लगातार निगरानी कर रही हैं।
वन्यजीव विशेषज्ञ जयदीप कुंडू के मुताबिक, किसी बाघ को एक जंगल से दूसरे बिल्कुल नए भौगोलिक क्षेत्र (री-इंट्रोडक्शन) में छोड़ने पर वह तब तक भटकता है जब तक उसे अपना सुरक्षित क्षेत्र (कम्फर्ट जोन), शांत वातावरण और एकांत (आइसोलेशन) नहीं मिल जाता।
बक्सा टाइगर रिजर्व और असम का रायमोना/कोकराझार जंगल संकोश नदी के जरिए एक-दूसरे से जुड़े हैं। यह बाघों और हाथियों का प्राकृतिक गलियारा है।
बाघिन को बक्सा के जिस हिस्से में छोड़ा गया, वहां मानवीय गतिविधियों या अनुकूल आवास की कमी महसूस होने पर उसने इस प्राकृतिक गलियारे के जरिए शांत जंगल की ओर रुख किया।
सवाल-3ः उसका गर्भपात कैसे हो गया?
जवाबः NDTV ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि 7 नवंबर की रात बाघिन ने लगभग दो महीने के तीन भ्रूणों का गर्भपात कर दिया।
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में भी तीन बार बेहोश किए जाने के बाद गर्भपात होने की बात कही गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बाघिन को कम से कम तीन बार बेहोश किया गया है।
- 29 सितंबर 2026ः बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में उसे पकड़ा गया। इसके बाद उसे पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व ले जाया गया।
- 1 अक्टूबर 2026ः रिपोर्टों के मुताबिक, उसका रेडियो कॉलर निकल गया था। उसे दोबारा पकड़कर बेहोश किया गया, ताकि रेडियो कॉलर फिर लगाया जा सके।
- 3 नवंबर 2026ः बाघिन बक्सा से भागकर असम पहुंच गई। वहां उसे दोबारा पकड़ा गया और फिर बक्सा वापस लाया गया।
NTCA प्रमुख संजय कुमार और भारतीय वन्यजीव संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. के. रमेश ने संकेत दिया है कि जांच में बेहोशी की दवाओं (ट्रैंक्विलाइज़र) के बार-बार इस्तेमाल और क्या इसके कारण गर्भपात हुआ, इस बात को भी शामिल किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल के वन मंत्री मनोज कुमार उरांव ने कहा, टराज्य के वन विभाग के पास भ्रूणों के नुकसान की पुष्टि करने वाली कोई जानकारी नहीं है। NTCA की एक टीम मामले की जांच कर रही है।’
नेशनल हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के वन विभाग के एक अधिकारी ने कई संभावित चूकों को स्वीकार किया है।
नाम नहीं छापने की शर्त पर अधिकारी ने कहा, 'संभावित गर्भावस्था का सही आकलन नहीं करना, स्थानांतरण के दौरान लगी चोटों पर पर्याप्त ध्यान नहीं देना, बार-बार बेहोश करना, बाड़े की सुरक्षा और निगरानी में विफलता जैसे सवालों को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता।'
उन्होंने कहा, 'NTCA की जांच में तय होना चाहिए कि हर हस्तक्षेप की अनुमति किसने दी, किस तरह के पशु चिकित्सा आकलन किए गए और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन हुआ या नहीं।'
शिफ्टिंग से पहले हुई जांच पर गंभीर सवाल
संरक्षणवादियों का साफ कहना है कि शुरुआती जांच में ही बाघिन की गर्भावस्था का पता चल जाना चाहिए था। नियम के मुताबिक, गर्भवती जंगली जानवरों को पकड़कर दूसरे टाइगर रिजर्व में शिफ्ट नहीं किया जाता है।
लेकिन कथित तौर पर शिफ्ट करने से पहले की गई जांच में उसकी गर्भावस्था का पता नहीं चल सका।
अब सवाल उठ रहे हैं…
- क्या गर्भावस्था की जांच सही तरीके से की गई थी?
- क्या जांच के दौरान कोई लापरवाही हुई?
- क्या बाघिन को तीन बार बेहोश करना जरूरी था?
- क्या बेहोशी की दवाओं और बार-बार पकड़ने के तनाव से गर्भपात हुआ?
हालांकि, अभी यह साबित नहीं हुआ है कि ट्रैंक्विलाइजर यानी बेहोशी की दवाओं के कारण ही गर्भपात हुआ है।
सवाल-4ः बंगाल गई 'डुआर्स रानी' की खासियत क्या है?
जवाबः VTR में बंगाल टाइगर (पैंथेरा टाइग्रिस टाइग्रिस) रहते हैं। यह आकार में दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी बाघ प्रजाति है। इससे बड़ा सिर्फ रूस के साइबेरिया में पाया जाने वाला बाघ ही है। नेशनल ज्योग्रॉफिक, NCTA और WWI के मुताबिक जानिए इनकी खासियतें…
लंबाई-वजनः 7 से 9 फीट लंबा बंगाल टाइगर जंगल में 10 से 12 साल तक जिंदा रहता है। एक वयस्क मेल बंगाल टाइगर की लंबाई 7 से 10 फीट (पूंछ सहित) और वजन लगभग 200 से 260 किलोग्राम (या उससे अधिक) होता है। वहीं, फीमेल टाइगर का वजन 110 से 160 किलोग्राम के बीच होता है।
बच्चे का जन्मः बाघिन 2 से 6 बच्चों (शावकों) को एक साथ जन्म देती है। उन्हें पालने-पोसने में मेल टाइगर खास मदद नहीं करते। बच्चे 18 महीने की उम्र तक शिकार नहीं कर पाते हैं। इस दौरान वे अपनी मां के साथ ही रहते हैं। इसके बाद अपना इलाका खोजने के लिए अलग हो जाते हैं।
भोजनः एक भूखा बाघ एक रात में 27 किलो तक मांस खा सकता है। हालांकि, आमतौर पर इससे कम ही खाते हैं। बंगाल टाइगर इंसानों से दूर रहते हैं। हालांकि, कुछ बाघ खतरनाक आदमखोर बन जाते हैं। ऐसे जानवर अक्सर बीमार होते हैं।
अनोखी धारियां: इनका रंग गहरा नारंगी या पीला होता है, जिस पर गहरी काली या भूरी धारियां बनी होती हैं। मनुष्य के फिंगरप्रिंट की तरह हर बाघ के शरीर की धारियां अलग और अनोखी होती हैं, जो उन्हें जंगल में छिपने में मदद करती हैं।
- खतरनाक दांत और जबड़े: बिल्ली प्रजाति के जानवरों में इनके दांत सबसे लंबे होते हैं, जो करीब 4 इंच तक बढ़ सकते हैं। यह एक ही झटके में शिकार की गर्दन या रीढ़ की हड्डी तोड़ सकते हैं।
- रफ्तार: भारी-भरकम शरीर होने के बावजूद ये 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकते हैं।
- दहाड़: इनकी दहाड़ लगभग 4 किलोमीटर दूर तक गूंज सकती है।
- शानदार तैराक: बिल्ली प्रजाति के दूसरे जानवरों से अलग, बंगाल टाइगर को पानी में तैरना बहुत पसंद है। ये पानी में कई किलोमीटर तक बड़ी आसानी से तैर लेते हैं।
- रात में तेज नजर: रात के अंधेरे में देखने की इनकी क्षमता इंसानों से 6 गुना ज्यादा होती है।
व्यवहार और आदतें
- अकेले रहना पसंद: ये अकेले रहना पसंद करते हैं। ये सिर्फ बच्चे पैदा करने के समय या फिर मां अपने छोटे बच्चों के साथ ही नजर आती है।
- अपना इलाका तय करना: मेल और फीमेल बाघ अपने रहने की जगह खुद चुनते हैं। वे अपने दुश्मनों को दूर रखने के लिए बड़े इलाकों में अपनी गंध छोड़कर निशान बनाते हैं। भैंस, हिरण, जंगली सूअर और दूसरे बड़े जानवरों को खोजने के लिए कई मील तक घूमते हैं।
- घात लगाकर शिकार: ये छिपकर शिकार करने में माहिर होते हैं। घनी झाड़ियों या जंगलों में छिपकर शिकार के करीब पहुंचते हैं और अचानक उस पर झपट पड़ते हैं।
- रहने का ठिकाना: ये ज्यादातर घने जंगलों, मैंग्रोव (जैसे सुंदरबन के दलदली जंगल) और ऐसे जंगलों में रहना पसंद करते हैं, जहां मौसम के हिसाब से पत्ते गिरते हैं।
