Tue, Nov 24, 2026Updated 07:58 AM IST
Google Preferred Source CTA

क्राइम फाइल्स
‘कुंडी खुली है, अंदर आ जाओ…’ गर्लफ्रेंड ने मिलने बुलाया:कमरे में पहुंचते ही बदल गया माजरा, बिना कपड़ों के फोटो खींचकर किया ब्लैकमेल

नीरज पाण्डेय, भोपाल58 मिनट पहले
Loading advertisement...
दैनिक भास्कर पढ़ने के लिए…
ब्राउज़र में ही

मध्यप्रदेश क्राइम फाइल्स में इस बार कहानी बालाघाट के एक ऐसे मामले की, जिसमें गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे कपड़ा व्यापारी को पहले बंधक बनाया गया, फिर उसके कपड़े उतरवाकर तस्वीरें खींची गईं बदनामी का डर दिखाकर उससे पैसे वसूले गए।

.

व्यापारी ने पहली बार में 70 हजार रुपए भी दे दिए, लेकिन ब्लैकमेलिंग का सिलसिला नहीं रुका। क्या ये मामला सिर्फ एक व्यापारी को फंसाने तक सीमित था या इसके पीछे गहरी साजिश थी। साजिश करने वाले कौन थे और व्यापारी उनके जाल में कैसे फंसा? इनके जवाब इस कहानी में छिपे हैं…

24 अप्रैल 2012 को बालाघाट के वारासिवनी में एक बंद कमरे में बिना कपड़ों के युवक को कुछ लोगों ने पकड़ रखा था। उसके हाथ-पैर बांध दिए गए थे। कमरे में मौजूद लोगों में से एक ने कहा- पुलिस के पास ले चलते हैं। इसकी सारी मस्ती पुलिस ही उतारेगी।

युवक घबराया हुआ था। वह बार-बार छोड़ देने की गुहार लगा रहा था। उसने कहा- आप लोग जो चाहें मुझसे ले लो, लेकिन मुझे छोड़ दो। पुलिस के पास मत ले जाओ। बहुत बदनामी होगी।

उसने जेब में रखे पांच हजार रुपए तक देने की पेशकश की, लेकिन वहां मौजूद लोग उसे छोड़ने के मूड में नहीं थे। यह युवक बालाघाट का कपड़ा व्यापारी मनीष जैन था।

दुकान पर हुई मुलाकात, फिर फोन पर बढ़ी दोस्ती

मनीष बालाघाट में कपड़ों का थोक कारोबार करता था। व्यापार के सिलसिले में उसे कई बार आसपास के इलाकों में जाना पड़ता था। इसी दौरान एक बार उसकी मुलाकात वारासिवनी की रहने वाली बबली से हुई।

दुकान पर हुई इस मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। धीरे-धीरे फोन पर बात होने लगी और दोस्ती बढ़ गई।एक दिन मनीष ने बबली को अपनी दुकान पर आने के लिए कहा।

उसने बताया कि वह बालाघाट नहीं आ सकती। हालांकि, मनीष का वारासिवनी आना-जाना लगा रहता था। वहां वह कारोबार के सिलसिले में पैसे कलेक्ट करने जाता था। बबली ने कहा कि जब वह वारासिवनी आए तो दोनों मिल सकते हैं।

इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रही। 24 अप्रैल 2012 को मनीष किसी काम से वारासिवनी पहुंचा तो उसने बबली को फोन किया। दोपहर करीब तीन बजे के आसपास बबली का फोन आया। उसने पूछा कि मनीष कहां पहुंचा है।

दरवाजे पर पहुंचते ही अंदर घुस आए लोग

मनीष बताए गए पते पर पहुंचा तो घर में बबली मौजूद थी। उसके साथ एक कुत्ता भी था। बबली ने दरवाजे पर कहा कि घर में कोई नहीं है, अंदर आ जाओ।

मनीष को लगा कि कई दिनों बाद मुलाकात हो रही है, इसलिए कुछ देर बैठकर बातचीत करेंगे। लेकिन वह दरवाजे तक पहुंचा ही था कि पीछे से किसी ने उसे धक्का देकर घर के अंदर कर दिया।

अगले ही पल तीन-चार लोग कमरे में आ गए। मनीष कुछ समझ पाता, इससे पहले ही दो लोगों ने उसे पकड़ लिया। अचानक हुई इस घटना से वह घबरा गया। बबली भी वहां मौजूद लोगों को देखकर हैरान थी।

मनीष के मुताबिक, आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाए और उसकी तस्वीरें खींचीं। उसे कमरे में ही रस्सी से बांध दिया।

जंगल में ले जाकर पीटा, तीन लाख रुपए मांगे

कुछ देर बाद आरोपी मनीष को बाइक पर बैठाकर वहां से जंगल की तरफ ले गए। वहां लकड़ी से उसकी पिटाई की। मनीष ने शिकायत में बताया कि इस दौरान उसकी जेब में रखे पांच हजार रुपए भी निकाल लिए गए।

इसके बाद आरोपियों ने उससे पूछा कि वह कितने रुपए दे सकता है। मनीष ने अपनी आर्थिक स्थिति बताते हुए 70 से 75 हजार रुपए जुटाने की बात कही। लेकिन आरोपी इससे ज्यादा रकम चाहते थे। उन्होंने कम से कम तीन लाख रुपए देने का दबाव बनाया।

मनीष ने किसी तरह उन्हें भरोसा दिलाया कि वह रकम का इंतजाम कर लेगा। इसके बाद दो आरोपी उसे बाइक से कायदी की तरफ ले गए। वहां उसे घर जाकर पैसे लाने के लिए कहा गया। उसका मोबाइल भी आरोपियों ने अपने पास रख लिया।

मनीष किसी तरह घर पहुंचा। उसके पास मकान बनवाने के लिए कुछ पैसे रखे थे। उसने उनमें से 70 हजार रुपए निकाले और बताए गए लोगों तक पहुंचा दिए।

70 हजार दिए, फिर भी जारी रही वसूली

70 हजार रुपए लेने के बाद भी आरोपियों ने मनीष का पीछा नहीं छोड़ा। कुछ समय बाद उसके पास दोबारा फोन आने लगे। अब उससे बाकी रकम मांगी जा रही थी।

एक बार फोन करने वाले व्यक्ति ने उसे एसबीआई का खाता नंबर दिया और उसमें दो लाख रुपए जमा करने को कहा। साथ ही धमकी दी कि पैसे नहीं दिए तो आरोपी उसके घर तक पहुंच जाएंगे।

मनीष समझ चुका था कि एक बार रकम देने के बाद भी यह सिलसिला रुकने वाला नहीं है। आरोपियों के पास उसकी बिना कपड़ों वाली तस्वीरें थीं। उन्हें सार्वजनिक करने और पुलिस तक मामला पहुंचाने की धमकी देकर उससे लगातार पैसे मांगे जा रहे थे।

अब उसके सामने दो रास्ते थे। या तो बदनामी के डर से आरोपियों की मांग पूरी करता रहे या फिर पूरी घटना पुलिस को बता दे। आखिरकार उसने दूसरे रास्ते को चुना।

बड़े भाई को बताई पूरी घटना, पुलिस तक पहुंचा मामला

मनीष ने अपने बड़े भाई वीरेंद्र जैन को पूरी घटना बताई। उसने बताया कि कैसे उसे मिलने के बहाने बुलाया गया, बंधक बनाया गया, मारपीट की गई और तस्वीरें खींचकर पैसे वसूले गए। इसके बाद दोनों ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।

4 मई 2012 को मनीष ने बालाघाट के पुलिस अधीक्षक और कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी। इसमें बबली से मुलाकात के लिए वारासिवनी पहुंचने से लेकर बंधक बनाए जाने, तस्वीरें खींचने और पैसे मांगने तक की बातें शामिल थीं।

पुलिस के सामने अब ये सवाल थे-

मनीष को ब्लैकमेल करने वाले लोग कौन थे? क्या बबली इस पूरे घटनाक्रम में शामिल थी? या वह भी किसी साजिश का हिस्सा बनकर रह गई थी? मनीष के वारासिवनी पहुंचने और बबली से मिलने की जानकारी दूसरे लोगों तक कैसे पहुंची? क्या आरोपियों को पहले से उसकी आमद का इंतजार था? क्या यह सिर्फ एक ब्लैकमेलिंग का मामला था या कोई रैकेट था ?

मध्यप्रदेश क्राइम फाइल्स में कल पढ़िए इन सवालों के जवाब...

ये भी पढ़ें…

1. लड़की की कीमत 80 हजार लिखी…और मौत, क्राइम फाइल्स पार्ट-1

मध्यप्रदेश क्राइम फाइल्स में इस बार कहानी रतलाम के एक ऐसे हत्याकांड की, जिसमें पुलिस को कातिल तक पहुंचाने वाला सुराग मरने वाले की जेब में ही था। रेलवे ट्रैक के पास मिली युवक की लाश की पहली नजर में पहचान तक मुश्किल थी। पढ़ें पूरी खबर…

2. जेल में पति, पत्नी ने बॉयफ्रेंड संग बनाया रिश्ता, क्राइम फाइल्स पार्ट-2

क्राइम फाइल्स के पार्ट-1 में आपने पढ़ा कि 5 जुलाई 2016 को रतलाम में रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात युवक की लाश मिली थी। उसके सिर और शरीर पर किसी भारी से वार के निशान थे। पढ़ें पूरी खबर…

LockIcon

खबर पढ़ने के लिए कृपया लॉगिन करें

लॉगिन करने के बाद आप बिना रुकावट खबरें पढ़ पाएंगे
लॉगिन करें