कार्रवाई:शिकारी ने बंदूक से हिरण का किया शिकार, 12 घंटे में शिकारी गिरफ्तार
समीपवर्ती पातो का वाड़ा गांव में रविवार रात को शिकारी ने बंदूक से हरिण का शिकार कर लिया। इस पर ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। इस पर वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए 12 घंटे के भीतर शिकारी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं हरिण का अंतिम संस्कार करवाया।
जानकारी के अनुसार रविवार रात 8 बजे पातो का वाड़ा गांव से वनविभाग सिवाना को सूचना मिली की खेतों में किसी ने हरिण का शिकार किया है। इस पर वनविभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मृत हरिण को अपने कब्जे लिया, लेकिन शिकारी मौके से फरार हो गया। वन विभाग रेंजर मंगलाराम बिश्नोई एंव वनपाल उमरावसिंह ने तत्परता दिखाते हुए अलग-अलग टीमें गठित कर शिकारी की खोजबीन की।
जिस पर बारह घण्टे के अंदर सोमवार को पातो का वाड़ा निवासी मानाराम पुत्र विंजाराम भील को बिना लाइसेंस की टोपीदार बंदूक सहित गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। वन विभाग द्वारा हरिण का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार किया गया। हिरण का आए दिन शिकार होने से वन्य एवं जीव प्रेमियों में रोष व्याप्त है। वहीं वन्य जीव प्रेमियों ने कहा कि हरिण शिकार की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया तो जीव प्रेमियों द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
^वन विभाग टीम सिवाना के बारह घण्टे के अंदर हिरण शिकारी को गिरफ्तार करना काबिले तारीफ है।
- भीखाराम बिश्नोई, अध्यक्ष, वन्य एवं जीव पर्यावरण संस्था सिवाना
^रात्रि में ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर जाकर मृत हरिण को कब्जे में लिया। सुबह शिकारी को भी टोपीदार बंदूक सहित गिरफ्तार कर लिया है।
- उमरावसिंह, वनपाल वन विभाग सिवाना