चाकसू के देवकीनंदनपुरा गांव की घटना:युवक ने चचेरी बहन को गोली मारने के बाद खुद को शूट किया
- युवक की मौत, युवती का इलाज चल रहा
ग्राम पंचायत बाडा पदमपुरा के ग्राम देवकीनंदनपुरा में रविवार को एक युवक ने अपनी चचेरी बहन को गोली मारने के बाद खुद को भी शूट कर लिया। युवक की मौत हो गई, जबकि युवती का महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज चल रह रहा है। घटना के अनुसार, 22 वर्षीय श्यामलाल मीणा पुत्र रामूलाल मीणा ने चाचा की लड़की प्रियंका मीणा (20) को गोली मारकर खुद को गोली मार ली।
एसीपी चाकसू अर्जुन राम, शिवदासपुरा थाना पुलिस अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लड़के और लड़की के बीच में प्रेम-प्रसंग के चलते यह घटना घटित हुई। इस प्रकरण को लेकर लेकर एक साल पहले भी दोनों परिवारों के बीच में झगड़ा हुआ था। थाने में मुकदमा भी दर्ज हुआ था। 11 दिसंबर को प्रियंका की शादी बस्सी नई नाथ धाम के पास झर निवासी संजय मीणा के साथ हुई थी। संजय राजस्थान पुलिस में जयपुर पुलिस लाइन में पोस्टेड है। वही लड़की का भाई सुनील मीणा भी राजस्थान पुलिस में उदयपुर पोस्टेड हैं।
रविवार को लड़का और लड़की दोनों दोपहर से ही अपने घर से गायब थे। जब शाम होने तक भी लड़का घर नहीं पहुंचा तो लड़के के भाई व अन्य परिवारजन ढूंढने गए तो घर से 200 मीटर की दूरी पर सरसों के खेत में दाेनाें घायल अवस्था में मिले। लड़के के भाई गोरधन व झुरीलाल ने श्यामलाल को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। वहीं लड़की को घटना स्थल पर ही छोड़ गए। सूचना पर शिवदासपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवती को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटना स्थल से देशी कट्टा बरामद किया हैं।