विधानसभा चुनाव की तैयारी:BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा लखनऊ पहुंचे, पंचायत चुनाव एवं मिशन-2022 के लिए रणनीति तय करेंगे
- जेपी नड्डा प्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्रियों के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय में ही बैठक करेंगे
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा गुरुवार शाम लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य मंत्रियों ने स्वागत किया। नड्डा अगले दो दिनों तक उत्तर प्रदेश में रहेंगे। वह जहां चुनावी वर्ष के मद्देनजर मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। बताया जा रहा है कि वह सांसदों व विधायकों के साथ बैठकें कर चुनावी तैयारियों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।
मंत्रियों के साथ होगी बैठक
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में योगी सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक की। इसके बाद कोर कमेटी की बैठक की। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल व अन्य प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदेश में संगठन की मजबूती व चुनाव अभियानों की समीक्षा की। इसके अलावा पंचायत चुनाव व विधानसभा चुनाव 2022 की रूपरेखा के संबंध में भी चर्चा हुई।
कई कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत
भाजपा के प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी ने बताया कि नड्डा 22 जनवरी शुक्रवार को सुबह 9.45 बजे चिनहट ग्रामीण लखनऊ की मंडल बैठक करेंगे। सुबह 11.00 बजे नड्डा सीएमएस गोमतीनगर विस्तार लखनऊ महानगर एवं जिला के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दोपहर 12.30 बजे वह प्रदेश भाजपा कार्यालय में अवध एवं कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। 22 जनवरी को ही नड्डा दोपहर 3.00 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय लखनऊ में अवध क्षेत्र के भाजपा सांसदों एवं विधायकों के साथ बैठक करेंगे। शाम 4.00 बजे वे सोशल मीडिया वालंटियर्स को संबोधित करेंगे। शाम 5.30 बजे वे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे।