UP भाजपा कार्यालय में बिराजे राम:BJP मुख्यालय में भगवान श्रीराम की प्रतिमा का जेपी नड्डा ने किया उद्घाटन, कहा- विचारधारा की वजह से देश में बज रहा पार्टी का डंका
- कहा- अब जरूरत है, बूथ स्तर पर स्थिति और मजबूत करने की, क्योंकि बूथ जीता तो चुनाव जीता
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर आसीन होने के बाद जगत प्रकाश नड्डा पहली बार लखनऊ के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने भाजपा मुख्यालय में भगवान श्रीराम की प्रतिमा का राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उद्घाटन किया।
इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी मौजूद रहे। इससे पहले उन्होंने गोमती नगर विस्तार स्थित सीएमएस के सभागार में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोंधित किया।
कार्यकर्ताओं का उत्साह बता रहा यूपी में भविष्य उज्जवल है
यहां उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में उत्साह, उमंग बता रहा है कि उत्तर प्रदेश का भविष्य आगे भी उज्जवल है। क्योंकि राजनीति में विचारों की पूंजी लेकर जो आगे बढ़ता है, वह सफल होता है, भारतीय जनता पार्टी विचारों, सिद्धांतों को लेकर आज तक चल रही है, इसलिए लद्दाख से लेकर केरल तक और पश्चिम से लेकर पूरब तक भाजपा का डंका बज रहा है। अब जरूरत है, बूथ स्तर पर स्थिति और मजबूत करने की, क्योंकि बूथ जीता तो चुनाव जीता।
वहीं नड्डा ने कहा कि बूथ स्तर पर वोटरों की संख्या नौ सौ से एक हजार के बीच होती है। यहां एक-एक कार्यकर्ता को वोटर लिस्त के एक पन्ने पर दर्ज तीस नामों से व्यक्तिगत संपर्क करना होगा। उनके सुख-दुख में शामिल होने के साथ ही उनके साथ भोजन करना होगा। यही नहीं केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में बताए और लाभ दिलवाएं। यह काम अभी से शुरू करना है।