धामी बोले- अखिलेश ने घुसपैठिया कहकर हमारे घावों को कुरेदा:हम यूपी को बड़ा भाई मानते; योगीजी को कोई सीमाओं में नहीं बांध सकता
लखनऊ में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अखिलेश यादव ने उत्तराखंडियों को घुसपैठिया कहकर हमारे घाव को कुरेदा है। रामपुर तिराहा कांड को याद दिला दिया। मैं खुद उस आंदोलन में था। मुझे याद है वह दिन।
धामी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को बड़ा भाई मानते हैं। दो राज्य बनकर भले ही सीमाएं बढ़ गई हों, लेकिन उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड का बड़ा भाई है। बताया- मेरे सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों पर आज भी उत्तर प्रदेश ही दर्ज है।
राज्य की स्थितियों पर कहा-

पहले माफिया का राज था। बच्चे व महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं, लेकिन अब प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बेहतर हुआ है।

धामी ने यह बात गोमती नदी किनारे पंडित गोविन्द बल्लभ पंत संस्कृति उपवन में चल रहे उत्तराखंड महोत्सव में कही।
उन्होंने सीएम योगी के लिए कहा- उनका जन्म उत्तराखंड में जरूर हुआ है, लेकिन वह एक महान संत हैं और उन्होंने अपना जीवन पूरे देश के लिए समर्पित किया है। योगीजी की सीमाएं अनंत हैं। कोई भी उन्हें सीमाओं में नहीं बांध सकता।
