- एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ 30 सितंबर को रिटायर होंगे, यह लड़ाकू विमान में उनकी आखिरी उड़ान
- विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान ने 27 फरवरी को पाक के एफ-16 विमान को मार गिराया था
- स्वतंत्रता दिवस पर अभिनंदन वीर चक्र (युद्धकाल के तीसरे सबसे बड़ेसैन्य सम्मान) से नवाजे गए
Dainik Bhaskar
Sep 02, 2019, 03:31 PM ISTनई दिल्ली.पाकिस्तान के लड़ाकू विमान एफ-16 को मार गिराने वाले विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान ने 6 महीने बाद सोमवार को पठानकोट एयरबेस से मिग-21 विमान में उड़ान भरी। विमान को वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ उड़ा रहे थे, जबकि अभिनंदन उनके साथ पीछे बैठे हुए थे। धनोआ 30 सितंबर को रिटायर हो रहे हैं। लड़ाकू विमान में संभवत: यह उनकी आखिरी उड़ान है। उन्होंने 1999 के करगिल युद्ध में मिग-21 उड़ाए थे। तब धनोआ 17वीं स्क्वॉड्रन के कमांडिंग अफसर थे।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, वायुसेना प्रमुख धनोआ और अभिनंदन ने मिग-21 के टाइप 69 में उड़ान भरी। यह मिग-21 का ट्रेनर वर्जन है। उनके लड़ाकू विमान ने एयरबेस से 11.30 बजेटेकऑफ किया और 30 मिनट बाद एयरबेस पर लौटा।
हम दोनों पाकिस्तान के खिलाफ लड़े: धनोआ
वायुसेना प्रमुख ने कहा, ''हम दोनों में एक समानता है कि हम पाकिस्तान के खिलाफ लड़ते हुए विमान से कूदे हैं। मैंने 1988 में इजेक्ट किया था और 9 महीने बाद फ्लाइंग में वापस लौटा। जबकि अभिनंदन 6 महीने के अंदर ही लौट आए। यह उनके लिए अच्छी बात है। मैंने करगिल युद्ध और अभिनंदन ने बालाकोट के बाद लड़ाई लड़ी। मैंने उनके पिता के साथ उड़ान भरी थी। तब हम मिग-21 क्वॉड्रन में थे। मिग-21 की आखिरी स्वॉड्रन और अभिनंदन के साथ उड़ान भरना खुशनुमा पल है।''
वीर चक्र से नवाजे गए थे विंग कमांडर अभिनंदन
अभिनंदन युद्धकाल में अदम्य साहस के लिए स्वतंत्रता दिवस पर वीर चक्र से नवाजेगए थे। यह युद्धकाल में दिया जाने वाला तीसरा सबसे बड़ा सैन्य सम्मान है। पहले नंबर पर परमवीर चक्र और दूसरे पर महावीर चक्र हैं। मेडिकल क्लियरेंस मिलने के बाद उन्होंने 23 अगस्त से फ्लाइट ऑपरेशन शुरू किया था।
एयर स्ट्राइक के बाद अभिनंदन ने पाक विमान को खदेड़ा था
कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को सीआरपीएफ के काफिले पर हुए फिदायीन हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद भारतीय वायुसेना ने 26 फरवरी को बालाकोट स्थित जैश के आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी। इस दौरान करीब 300 आतंकी मारे गए थे। अगले दिन अभिनंदन ने कश्मीर में घुसपैठ करने वाले पाक के लड़ाकू विमान को डॉग फाइट में मार गिराया था। इस दौरान अभिनंदन का मिग विमान भी पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में गिरा था। पाकिस्तान ने उन्हें पकड़ लिया था।इसके बाद भारत ने कूटनीतिक तरीके से 1 मार्च को उन्हें छुड़ा लिया था।