- इमरान खान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में शुक्रवार को रैली करने वाले हैं
- शाहिद अफरीदी ने लोगों से इस रैली में शामिल होने की अपील की तो जवाब नायला इनायत ने दिया
Dainik Bhaskar
Sep 11, 2019, 07:09 PM ISTनई दिल्ली. इमरान खान शुक्रवार यानी जुमे को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की राजधानी मुजफ्फराबाद में रैली करने वाले हैं। शाहिद अफरीदी भी इसमें हिस्सा लेंगे। इतना ही नहीं अफरीदी ने एक ट्वीट में लोगों से इस रैली में शिरकत करने की अपील की है। लेकिन, अफरीदी को करारा जवाब पाकिस्तान की ही एक महिला पत्रकार नायला इनायत ने दिया। नायला ने शाहिद से कहा- दिक्कत क्या है। श्रीनगर ही चले जाओ, वहीं रैली कर लेना। बता दें कि इमरान ने अवाम से अपील में कहा था कि वो हर शुक्रवार को कुछ वक्त निकालें और सड़कों पर कश्मीरियों के समर्थन में प्रदर्शन करें।
पहला ट्वीट इमरान का
इमरान ने बुधवार को एक ट्वीट किया। कहा, “मैं शुक्रवार 13 सितंबर को मुजफ्फराबाद में एक बड़ा जलसा (रैली) करने जा रहा हूं। इसका मकसद दुनिया को कश्मीर में भारत के कब्जे के बारे में बताना है। पाकिस्तान कश्मीरियों के साथ है।” इमरान के इस ट्वीट को पूर्व कप्तान अफरीदी ने रिट्वीट किया। लिखा, “कश्मीरियों के हित में हमारे प्रधानमंत्री के साथ आएं। मैं भी शुक्रवार को मुजफ्फराबाद जा रहा हूं। हर आवाज का महत्व है।”
नायला का तंज
पाकिस्तान की मशहूर पत्रकार नायला इनायत ने शाहिद अफरीदी पर तंज कसा। उन्होंने शाहिद को टैग करते हुए मजाकिया अंदाज में ही सही उन्हें श्रीनगर जाने का चैलेंज दे डाला। नायला ने लिखा, “अरे, आप और आपके प्रधानमंत्री इमरान खान सीधे श्रीनगर ही क्यों नहीं चले जाते। मुझे पूरा भरोसा है कि इसमें कोई दिक्कत नहीं आएगी। कोशिश तो कर ली लीजिए।” बता दें कि जब से मोदी सरकार ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया है, तब से इमरान और उनके मंत्री भारत को धमकियां दे रहे हैं। जावेद मियांदाद और शाहिद अफरीदी जैसे पूर्व क्रिकेटर भी उनके सुर में सुर मिला रहे हैं।